हिसार : कांग्रेस सासंद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मोटर साइकिल रैली निकालने से पहले प्रदेश के लोगों को बताए कि उनकी सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए क्या किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए रैली निकालने का समय नहीं है, इस समय तो उनको राज के 4 साल के कामों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने 4 साल विपक्ष की भूमिका बखूबी निभाई और जनता के मुददे उठाये, परंतु अब इस सरकार को भगाने का काम करेंगे। दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने गत सायं अग्रोहा में युवा कांग्रेस नेता गौरव सिंह द्वारा आयोजित किसान आक्रोश सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का किसान सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश में है।
विशेषकर हिसार जिले के किसान तो 2 सप्ताह के पानी के लिए धरने पर बैठे है, परंतु सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। पानी और बिजली की कमी को लेकर किसानों मे हाहाकार मचा हुआ है। खाद, बीज, बिजली, डीजल, कृषि उपकरण, टे्रक्टर आदि के दाम जीएसटी थोपने से रोजाना बढ़ रहे है, दूसरी तरफ किसानों को खाद लेने के लिए भी धरना और प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के बड़े नेता चुनाव से पहले स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने के लिए अर्धनग्न जुलूस निकालते थे, आज उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया है। नहरों, खालों आदि का निर्माण करने के बजाय दादुपूर नलवी नहर को मिट्टी डालकर बंद किया जा रहा है। उन्होंने फिर दोहराया कि यही काम बीजेपी की सरकार को अमित शाह के आने से पहले करना चाहिए।
इस सम्मेलन के अध्यक्ष पूर्व मंत्री प्रो. सम्पत सिंह ने कहा कि अग्रोहा उनके पुराने हलके भट्टूकलां का एक अहम केन्द्र रहा है। अग्रोहा स्थान इसलिए चुना गया है इसके 25 किलोमीटर के दायरे में उकलाना, आदमपुर, फतेहाबाद, नलवा, बरवाला, टोहाना हलकों का क्षेत्र आ जाता है इसलिए यह सभी कार्यकर्ताओं का एक नववर्ष का मिलन हुआ है। सम्मेलन के आयोजक गौरव सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम हिसार संसदीय क्षेत्र में श्री दीपेन्द्र सिंह हुड्डा के हर महीने करवाएंगें, और कांग्रेस से ज्यादा से ज्यादा युवाओं का जोड़ा जाएगा। सम्मेलन में पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, प्रो. रामभगत शर्मा, पार्टी नेता वजीर सिंह पूनिया व अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती कृष्णा पूनिया ने भी विचार रखे।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।
– राज पराशर


Download Android App
Download iOS App



