भुवनेश्वर, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव भुवनेश्वर के इन्फोवैली में 3डी ग्लास सॉल्यूशंस द्वारा भारत की पहली एडवांस्ड 3डी ग्लास सब्सट्रेट पैकेजिंग यूनिट के शिलान्यास समारोह में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए सीएम माझी ने कहा कि संसाधन, प्रतिभा, बुनियादी ढांचा और मजबूत इच्छाशक्ति के कारण ओडिशा वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए एक आदर्श स्थान बनकर उभरा है। इस कार्यक्रम में ओडिशा के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग भी मौजूद रहे।
करीब 2,000 करोड़ रुपए के निवेश से बन रही इस परियोजना में हर साल 70,000 ग्लास पैनल, 5 करोड़ (50 मिलियन) असेंबल्ड यूनिट और 13,200 एडवांस्ड 3डीएचआई मॉड्यूल का उत्पादन होगा। इस प्रोजेक्ट से राज्य में करीब 2,500 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन सिर्फ ओडिशा के लिए ही नहीं, बल्कि भारत के तकनीकी नेतृत्व की दिशा में भी एक अहम पड़ाव है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना देश की पहली एडवांस्ड 3डी ग्लास सब्सट्रेट पैकेजिंग यूनिट होगी। यहां बनने वाले उत्पाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा, ”ओडिशा वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए एक बेहतरीन जगह बन चुका है। हमारे पास संसाधन, प्रतिभा, बुनियादी ढांचा और मजबूत इरादा है। अगर आप भविष्य की तकनीक बनाना चाहते हैं, तो ओडिशा आपके लिए सही जगह है।”
ओडिशा को निवेश के लिए पसंदीदा राज्य बनने के कारण बताते हुए मुख्यमंत्री ने पांच मुख्य बातों का जिक्र किया, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल युवा शक्ति, बेहतर कनेक्टिविटी और जवाबदेह प्रशासन।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा, ”यह ओडिशा के छात्रों और इंजीनियरों के लिए सुनहरा मौका है। उन्हें इस उभरते क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए जरूरी कौशल सीखना चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 10,000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश हो चुका है। आरआईआर पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और सिक्ससेम जैसी कंपनियां पहले ही यहां अपनी यूनिट लगा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को पूरा करने में ओडिशा अहम भूमिका निभाएगा और पूर्वी भारत के लिए एक लॉन्चपैड बनेगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ओडिशा को औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने और आने वाले वर्षों में आईटी हब के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे उन्नत सेमीकंडक्टर तकनीक अब ओडिशा में पहुंच गई है। आज का शिलान्यास राज्य में व्यापक विकास लाएगा। 3डी ग्लास सॉल्यूशंस की यह यूनिट देश में अपनी तरह का पहला उत्पाद बनाएगी और यह तकनीक भविष्य में सेमीकंडक्टर उद्योग की दिशा तय करेगी।
–आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























