नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली में एक शख्स पर जानलेवा हमला करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में रंगदारी देने से इनकार करने पर बदमाशों द्वारा एक सैलून में घुसकर तोड़फोड़ और जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सीलमपुर थाना क्षेत्र के जे-ब्लॉक में 22 साल का इरफान अपनी सैलून की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ बदमाश वहां पहुंचे और उससे जबरन पैसे की मांग करने लगे। इरफान द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर आरोपी भड़क गए।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले सैलून में जमकर तोड़फोड़ की, शीशे तोड़ दिए और दुकान के अंदर रखा सामान तहस-नहस कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने साथ लाए नुकीले सुए से इरफान पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी छाती और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल इरफान को तुरंत जग प्रवेश चन्द्र अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है।
बता दें कि सीलमपुर क्षेत्र में पहले भी आपराधिक घटनाएं सामने आती रही हैं। पुलिस लगातार इस क्षेत्र में अपराध पर कंट्रोल करने की कोशिश में लगी हुई है। हालांकि, इस तरह की आपराधिक घटनाओं ने फिर से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























