सोमालीलैंड पर इजराइल के फैसले से बढ़ा विवाद, 16 इस्लामिक देशों का संयुक्त विरोध, जताई आपत्ति

16 Islamic Countries Condemn Israel

16 Islamic Countries Condemn Israel : इजराइल द्वारा सोमालीलैंड के लिए राजनयिक प्रतिनिधि नियुक्त करने के फैसले पर सऊदी अरब समेत कई अरब और मुस्लिम देशों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सऊदी अरब, मिस्र, सोमालिया, सूडान, लीबिया, बांग्लादेश, अल्जीरिया, फिलिस्तीन, तुर्की, इंडोनेशिया, पाकिस्तान और कुवैत सहित एशिया, अफ्रीका और मध्य-पूर्व के कुल 16 देशों के विदेश मंत्रियों ने संयुक्त बयान जारी कर इस कदम की निंदा की।

इन देशों का कहना है कि इजराइल का फैसला सोमालिया की संप्रभुता, एकता और क्षेत्रीय अखंडता का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी देश की सीमाओं को प्रभावित करने वाले एकतरफा निर्णय स्वीकार नहीं किए जा सकते।

UN नियमों का हवाला

संयुक्त बयान में यह भी कहा गया कि इजराइल का यह कदम अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है और संयुक्त राष्ट्र के नियमों के साथ-साथ अफ्रीकी संघ के सिद्धांतों का भी उल्लंघन करता है।

इन देशों ने चेतावनी दी कि इस तरह के फैसले अफ्रीका के हॉर्न क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा सकते हैं और क्षेत्रीय शांति पर असर डाल सकते हैं। दरअसल, इजराइल ने हाल ही में सोमालीलैंड को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता देने और वहां अपना राजनयिक प्रतिनिधि भेजने का ऐलान किया था।

इसी घोषणा के बाद यह विवाद शुरू हुआ। सोमालिया ने इस फैसले का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि सोमालीलैंड उसका अभिन्न हिस्सा है और उसे अलग देश मानना उसकी संप्रभुता का उल्लंघन है।

क्षेत्रीय तनाव बढ़ने की आशंका

सोमालिया के समर्थन में कई अन्य देश भी सामने आ गए हैं। उनका कहना है कि इस तरह के कदम का असर सिर्फ एक देश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति और सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी चेताया कि ऐसे फैसले भविष्य में बड़े अंतरराष्ट्रीय विवादों को जन्म दे सकते हैं।

बता दें, सोमालीलैंड ने 1991 में केंद्रीय सरकार के पतन और लंबे गृहयुद्ध के बाद खुद को सोमालिया से अलग घोषित कर दिया था। तब से यहां अपनी सरकार, संसद, पुलिस व्यवस्था, मुद्रा और पासपोर्ट सिस्टम है। हालांकि, पिछले करीब 30 वर्षों तक इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता नहीं मिली थी। इजराइल दिसंबर 2025 में सोमालीलैंड को मान्यता देने वाला पहला देश बना।

प्रशासन और व्यवस्था

करीब 60 लाख आबादी वाला सोमालीलैंड, सोमालिया के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित है। इसकी सीमाएं उत्तर-पश्चिम में जिबूती और पश्चिम व दक्षिण में इथियोपिया से लगती हैं। यह क्षेत्र अपनी मुद्रा ‘सोमालीलैंड शिलिंग’ चलाता है, टैक्स वसूलता है, सार्वजनिक वित्त का प्रबंधन करता है और अपने बंदरगाहों के जरिए व्यापार नियंत्रित करता है।

इसके अलावा, यहां पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी किए जाते हैं, शिक्षा संस्थान संचालित होते हैं और स्वास्थ्य सहित अन्य सार्वजनिक सेवाएं स्वतंत्र रूप से चलाई जाती हैं।

यह भी पढ़ेंपाकिस्तान ने 92 भारतीय श्रद्धालुओं को वीजा देने से किया इनकार: रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।