चंडीगढ़, 1 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस की पंजाब इकाई ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में भगवंत मान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सरकार की तरफ से मजदूर दिवस के अवसर पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने पर सवाल उठाते हुए पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि इस सत्र की कोई जरूरत नहीं थी। सरकार बस नाटक कर रही है।ट
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने मजदूरों की भागीदारी के साथ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने दैनिक मजदूरी में वृद्धि की मांग की। यह विरोध प्रदर्शन पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र शुरू होने से पहले किया गया। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा, “हम मजदूरों को विधानसभा ले जा रहे हैं, ताकि हम (पंजाब सरकार को) उनकी मांगें सुना सकें।”
उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस तो बस एक बहाना है। अगर सरकार मजदूर दिवस मना रही है, तो मजदूरों की मांगों पर ही टिके रहे। मजदूरों की यही मांग है कि महंगाई को देखते हुए उनकी मजदूरी बढ़ाई जाए, लेकिन सरकार मजदूरी नहीं बढ़ा रही है।
एक दिन का विशेष विधानसभा सत्र बुलाए जाने पर उन्होंने कहा, “इसके पीछे एक रणनीति नजर आती है। वे विश्वास प्रस्ताव लाना चाहते हैं। चाल यह है कि वे हमें एक बार वहां बुलाएंगे और विश्वास प्रस्ताव ले आएंगे, क्योंकि उनके मन में यह डर है कि राघव चड्ढा और कई राज्यसभा सांसद चले गए हैं और कहीं ये विधायक भी न चले जाएं।”
वड़िंग ने कहा कि सत्ता पक्ष के मन में यही डर है कि अगर वे विश्वास प्रस्ताव ले आते हैं, तो उनका काम छह महीने तक चलता रहेगा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “हम यह नहीं कह रहे कि हम सरकार गिराना चाहते हैं या उनके पास बहुमत नहीं है, लेकिन हर कोई जानता है कि उनके (सत्ता पक्ष) अंदर किस तरह की चिंता पनप रही है।”
पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र पर कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मजदूरी बढ़ाने के लिए इस सत्र की कोई जरूरत नहीं थी। सरकार सिर्फ नाटक कर रही है।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)





















