देशमें 19वां रोजगार मेला, हजारों युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

Summary :

पटना, 23 मई (आईएएनएस)। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शनिवार को देशभर में 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत देश के 47 विभिन्न स्थानों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। रोजगार मेले के माध्यम से 51 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। राजस्थान के जोधपुर स्थित काजरी ऑडिटोरियम में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने…

पटना, 23 मई (आईएएनएस)। युवाओं को रोजगार से जोड़ने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शनिवार को देशभर में 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत देश के 47 विभिन्न स्थानों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। रोजगार मेले के माध्यम से 51 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।

राजस्थान के जोधपुर स्थित काजरी ऑडिटोरियम में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कुल 191 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर सबसे अधिक 153 नियुक्तियां रेलवे विभाग में हुईं, जबकि डाक विभाग में 20, वित्तीय सेवा विभाग में 16 और रक्षा विभाग में 2 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें 25 स्टार कैंडिडेट्स भी शामिल रहे।

वहीं, अजमेर में आयोजित रोजगार मेले में 258 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चयनित युवा और उनके परिजन मौजूद रहे। युवाओं ने केंद्र सरकार की इस पहल को रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक कदम बताया।

बीकानेर में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने हिस्सा लिया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वर्ष 2023 से शुरू किए गए रोजगार मेले का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले भी रोजगार दे रही थी, लेकिन अब प्रक्रिया को सरल और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया गया है। कई पदों पर इंटरव्यू व्यवस्था समाप्त की गई है और सेल्फ-अटेस्टेशन की सुविधा शुरू की गई है, जिससे युवाओं में विश्वास बढ़ा है कि उन्हें योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी रोजगार मेले को युवाओं के लिए ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और मुद्रा, स्टार्टअप तथा स्टैंडअप जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने इस अवसर पर 102 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए सभी चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने देश के हजारों लोगों को रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार दिया है। अब लोगों को बिना किसी परेशानी के नियुक्ति पत्र मिल रहा है।

–आईएएनएस

एसएके/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk