जम्मू, 14 जुलाई (आईएएनएस)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मंत्री शेख मुस्तफा कमाल का श्रीनगर में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।
शेख मुस्तफा कमाल नेशनल कॉन्फ्रेंस के एडिशनल जनरल सेक्रेटरी, पार्टी प्रेसिडेंट डॉ. फारूक अब्दुल्ला के छोटे भाई और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के चाचा थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री के तौर पर काम किया और वह दशकों तक पार्टी के प्रमुख नेताओं में से एक रहे।
उनके निधन पर राजनीतिक हलकों में शोक व्यक्त किया जा रहा है। नेताओं ने उनके प्रति संवेदनाएं जाहिर की हैं और जम्मू-कश्मीर की राजनीति में उनके लंबे समय के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुस्तफा कमाल के निधन पर दुख जताया है।
एलजी मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि वरिष्ठ नेता डॉ. मुस्तफा कमाल के निधन की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति!
सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर चाचा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि मेरे पिता के छोटे भाई डॉ. मुस्तफा कमाल का मंगलवार की शाम को श्रीनगर के पारस अस्पताल में निधन हो गया। अंकल मुस्तफा कुछ महीनों से बीमार थे, लेकिन 4 दिन पहले उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। उन्होंने मुश्किल हालात के बावजूद बहादुरी से लड़ाई लड़ी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनका इलाज करने वाले डॉक्टर और स्टाफ बहुत अच्छे थे, लेकिन अल्लाह ने उन्हें अपनी अंतिम यात्रा के लिए बुला लिया। अल्लाह अंकल मुस्तफा को जन्नत में सबसे ऊंचा स्थान दे।
–आईएएनएस
डीकेपी/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























