नदिया, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में ‘विजय संकल्प सभा’ को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा-एनडीए की विजय का परचम पूरी शक्ति से लहराना है। 4 मई को बंगाल में भाजपा की विजय का जश्न होगा। मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी। झालमुड़ी ने भी कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुड़ी मैंने खाई। लेकिन, ‘झाल’ टीएमसी को लगी है।
उन्होंने चुनावी सभा के दौरान कहा कि कृष्णानगर में आज भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है। ये उत्साह, ये उमंग और ये जोश, भरोसे का है। भय जा रहा है, भरोसा आगे बढ़ रहा है। वर्षों से जिनकी आवाज को दबाकर रखा गया था, वो अब एक सुर में बोल रहे हैं। गांव-गांव, गली-गली, स्त्री-पुरुष, युवा-बुजुर्ग सब बोल रहे हैं। भाजपा की सरकार आ रही है।
दूसरी ओर ‘विजय संकल्प सभा’ को सुनने के लिए बहुत बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। कुछ लोगों ने आईएएनएस से बातचीत की और अपने विचार सामने रखे।
एक युवती ने कहा कि पीएम मोदी को सुनने के लिए आए थे। उन्होंने महिलाओं के लिए जो 10 गारंटी दी है, हम उसे लेकर बहुत खुश हैं। हम सभी चाहते हैं कि यहां पर भाजपा की सरकार बने। पीएम मोदी ने पहली गारंटी दी है कि बहन-बेटियों पर अत्याचार करने वालों को कड़ी सजा मिलेगी। हर ब्लॉक में महिला थाने मिलेंगे। बंगाल की बेटियों की भर्ती सरकारी नौकरी में की जाएगी। महिलाओं को एक साल में 36 हजार रुपए बैंक अकाउंट में दिए जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार ग्रेजुएशन के लिए लड़कियों को 50 हजार रुपए देगी। गर्भवती माताओं को 21 हजार रुपए तक की आर्थिक सहायता देगी। शिशुओं के पोषण के लिए 36 हजार रुपए अलग से देगी। सुकन्या समृद्धि योजना के जरिए बेटियों का भविष्य सुरक्षित किया जाएगा। महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 20 लाख रुपए तक मुद्रा लोन दिया जाएगा। बंगाल की महिलाओं को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए का मुफ्त इलाज मिलेगा। सर्वाइकल कैंसर का मुफ्त टीका दिया जाएगा।
एक शख्स ने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी चुनावी सभा में महिलाओं के लिए सुरक्षा की बात की है। महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी ली है। हम लोगों को विकास चाहिए और उनकी बातों से विश्वास हो गया है कि भाजपा की सरकार में ही बंगाल में विकास हो सकता है।
एक युवा ने कहा कि हम पीएम मोदी की गारंटी से संतुष्ट हैं। उन्होंने रोजगार के लिए गारंटी दी है। हम लोग बहुत खुश हैं। जनता चाहती है कि बंगाल में भाजपा की सरकार बने।
–आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























