NDA सांसदों का आरोप, विपक्ष ने सदन की कार्यवाही रोकी

NDA MP

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। संसद में एनडीए के सांसद लगातार विपक्ष पर कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगा रहे हैं। सांसदों का कहना है कि विपक्ष के लोग जानबूझकर सरकार की नीतियों की गलत जानकारी जनता तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन लोगों को ये नहीं पता कि इससे कुछ नहीं होने वाला है।

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। इसी सोच के कारण देश लगातार प्रगति कर रहा है। जब देश के सभी राज्य विकास करेंगे, तभी पूरे देश की तरक्की संभव हो पाएगी।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने भी विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल सदन का समय बर्बाद करना है। विपक्ष जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय ऐसे विषयों को उठाता है जिनका कोई ठोस अर्थ नहीं होता।

वहीं भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि जब लोकसभा की कार्यवाही चलती है तो वे अक्सर मौजूद नहीं रहते।

उन्होंने कहा कि जब वे सदन में आते भी हैं तो बिना आधार के बयान देने की कोशिश करते हैं। लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को भी हास्यास्पद बताते हुए कहा कि इससे कोई सार्थक परिणाम निकलने वाला नहीं है।

भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने भी राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि वे प्रस्ताव तो रखते हैं, लेकिन जब उस पर चर्चा का समय आता है तो सदन से अनुपस्थित हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता संसद की कार्यवाही में बाधा डालने का काम करते हैं।

भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने एयर इंडिया के टिकट दामों को लेकर कहा कि अभी तक टिकटों की कीमतों में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई है। लगभग 60 से 70 हजार भारतीय पहले ही देश लौट चुके हैं। अगर यात्रियों की संख्या बढ़ती है और संसाधनों पर दबाव बढ़ता है तो कीमतों में मामूली बदलाव संभव है।

महिलाओं के सशक्तिकरण के मुद्दे पर भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया है और इसे जल्द लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उनके अनुसार यह कानून महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महाराष्ट्र की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए शिवसेना के संस्थापक बाला साहब ठाकरे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में उनके विचारों की विरासत को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

वहीं केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कोई दल सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखना आवश्यक है।

–आईएएनएस

एसएके/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।