पलामू, 9 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना में दोनों बच्चियों की मौत हो गई, जबकि महिला को ग्रामीणों ने जीवित निकाल लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटना नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव की है। महिला सरिता देवी का बुधवार रात किसी बात को लेकर अपने पति छोटेलाल प्रजापति से विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपनी चार वर्षीय बेटी प्रिया कुमारी और दो वर्षीय बेटी डोली कुमारी को लेकर घर से निकल गई।
महिला ने पहले दोनों बच्चियों को कुएं में डाल दिया और फिर खुद भी उसमें छलांग लगा दी। बड़ी बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया। दोनों बच्चियों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला को भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर नावाबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
–आईएएनएस
एसएनसी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)






















