पश्चिम बंगाल : 15 मतदान केंद्रों पर 2 मई को री-पोलिंग, चुनाव आयोग का आदेश

कोलकाता, 1 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर 2 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग ने 29 अप्रैल को हुए मतदान को इन केंद्रों पर रद्द घोषित करते हुए पुनर्मतदान का आदेश जारी किया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पश्चिम बंगाल को भेजे गए पत्र में चुनाव आयोग ने कहा कि 142-मगराहाट पश्चिम और 143-डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों और प्रेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया है। आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत 29 अप्रैल को इन मतदान केंद्रों पर हुए मतदान को निरस्त कर दिया है।

आयोग के आदेश के अनुसार, 2 मई 2026 को इन सभी 15 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान होगा।

142-मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान होगा। इनमें उत्तर येरपुर एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 2), नाजरा एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1 और 2), देउला एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1), घोला नोयापारा गर्ल्स हाई मदरसा (कमरा संख्या 2), एकतारा मलाया एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1 और 2), एकतारा मलाया धोरा एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1), बाहिरपुया कुरकुरिया एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 1, 2 और 3) शामिल हैं।

वहीं, 143-डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 मतदान केंद्रों पर भी पुनर्मतदान कराया जाएगा। इनमें बगदा जूनियर हाई स्कूल, चंदा एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 2), हरिदेवपुर एफ.पी. स्कूल और रॉयनगर एफ.पी. स्कूल (कमरा संख्या 2) शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि पुनर्मतदान की जानकारी संबंधित इलाकों में व्यापक रूप से दी जाए। इसके लिए लोगों को सूचना देने और सभी उम्मीदवारों को लिखित रूप से पुनर्मतदान की जानकारी देने को कहा गया है।

बता दें कि इन सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था, लेकिन रिपोर्ट्स के बाद दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया गया है। चार मई को सभी विधानसभा सीटों के नतीजे सामने आने वाले हैं, जिसको लेकर व्यापक तैयारियां कर ली गई हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।