PM Modi New Zealand Emotional Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने आज यानी शनिवार को ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों, भारतीय समुदाय की भूमिका और अपने पुराने अनुभवों के बारे में बात की। संबोधन के दौरान उन्होंने 25-30 साल पहले की एक याद साझा की, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अपने संबोधन (Auckland Community Event) की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि करीब चार दशक बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड आया है। उन्होंने इसे अपने लिए गर्व और सौभाग्य की बात बताया। पीएम ने कहा कि वह यहां 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद भी दिया।
25-30 साल पुराने मफलर की याद ने छुआ सभी का दिल

कार्यक्रम के दौरान PM मोदी ने अपने जीवन का एक पुराना किस्सा शेयर किया। PM ने बताया कि करीब 25 से 30 साल पहले, जब वह न तो सरकार का हिस्सा थे और न ही उन्हें सार्वजनिक जीवन में ज्यादा लोग जानते थे, तब उन्हें न्यूजीलैंड आने का मौका मिला था।
उस समय यहां के एक मित्र ने उन्हें एक मफलर, टोपी और दस्ताने उपहार में दिए थे। पीएम मोदी ने बताया कि आज वह उसी उपहार में मिले मफलर को पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मफलर को वर्षों तक संभालकर रखा है, ठीक वैसे ही जैसे वह लोगों के स्नेह और प्यार को हमेशा याद रखते हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को बताया मजबूत

पीएम मोदी ने अपने संबोधन कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंध केवल दो देशों के बीच की साझेदारी नहीं हैं, बल्कि यह दोस्ती, साझा मूल्यों और विश्वास पर आधारित रिश्ता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सालों से मजबूत सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंध बने हुए हैं।
उन्होंने न्यूजीलैंड की संस्कृति के एक खास शब्द “वाका” का भी जिक्र किया। पीएम ने बताया कि इसका अर्थ केवल नाव नहीं होता, बल्कि यह साथ मिलकर आगे बढ़ने और साझा यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड अब विकास और सहयोग की नई यात्रा पर साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।
महिलाओं और भारतीय समुदाय की सराहना
PM मोदी ने कहा कि भारत हमेशा दुनिया से सीखने में विश्वास रखता है। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड दुनिया का पहला देश था जिसने महिलाओं को वोटिंग का अधिकार दिया था। आज वहां की महिलाएं हर क्षेत्र में अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत भी “महिला नेतृत्व वाले विकास” के विचार के साथ आगे बढ़ रहा है और महिलाओं को नए अवसर देने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय समुदाय की भी तारीफ की। पीएम ने कहा कि वहां कई सड़कों और स्थानों के नाम भारत के शहरों जैसे खंडाला, बॉम्बे हिल्स, दिल्ली क्रिसेंट, अमृतसर स्ट्रीट और कलकत्ता स्ट्रीट पर रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के नेता भी भारतीय समुदाय की मेहनत और योगदान की हमेशा सराहना करते हैं।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी की खुलकर तारीफ की
वहीं कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी PM मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी साधारण परिवार से निकलकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता बने हैं। उन्होंने भारत में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के प्रयासों की तारीफ की।
क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि पीएम मोदी आज दुनिया के प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं और न्यूजीलैंड के लिए एक अच्छे मित्र भी हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच फ्यूचर में और मजबूत सहयोग की उम्मीद जताई।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु: श्रीलंका तस्करी के लिए भेजी जा रही 17 लाख रुपये की बीड़ी पत्तियां जब्त, तस्कर फरार























