गुस्साए परिजनों ने लगाई आग! इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद प्राइवेट अस्पताल में मचा हड़कंप

Summary :

Telangana Hospital Fire: तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम में एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान 38 वर्षीय महिला सरपंच की मौत के बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और रिसेप्शन एरिया में आग लगा दी। घटना का वीडियो वायरल है। पुलिस महिला की मौत और आरोपों की जांच कर रही है।

Telangana Hospital Fire: तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद बड़ा हंगामा देखने को मिला । घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और रिसेप्शन एरिया में आग लगा दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल के अंदर अफरा-तफरी का माहौल और लोगों की भागदौड़ साफ दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, दांतेलबोरु गांव की 38 वर्षीय वेंकटरमणम्मा गांव की सरपंच थीं। कुछ दिन पहले उन्हें बुखार और संक्रमण की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उनकी मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  महिला की मौत के बाद परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इलाज में लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से उनकी जान चली गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि मौत के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाने की कोशिश की, जिससे उनका शक और बढ़ गया।

अस्पताल में जमकर हुआ बवाल

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान कुछ लोगों ने अस्पताल के रिसेप्शन एरिया में आग लगा दी।

वायरल वीडियो में कई लोग अस्पताल के अंदर शोर-शराबा करते और इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। आग लगने के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों, कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हालात  को संभालने की कोशिश की।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के अनुसार, महिला की मौत शुक्रवार रात को हुई थी, जबकि परिजनों को इसकी जानकारी शनिवार सुबह दी गई। इस बात को लेकर भी परिवार ने सवाल उठाए हैं। हालांकि, आगजनी की घटना को लेकर अब तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसी कारण फिलहाल इस मामले में आगजनी का कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत और परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद  सोशल मीडिया पर बवाल मच गया।  कई लोगों ने महिला की मौत की निष्पक्ष जांच कराने और अगर अस्पताल की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि अगर किसी तरह की लापरवाही हुई है तो उसके लिए कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन अस्पताल में तोड़फोड़ और आगजनी करना सही तरीका नहीं है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज में शॉर्ट्स पहनने पर रोक, नए ड्रेस कोड का छात्रों ने किया विरोध, जानें नोटिस में क्या बताया गया

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।