Healthy Hygiene Habits for Kids: छोटे बच्चों को इंफेक्शन या बीमारी बहुत जल्दी पकड़ लेती है। इसकी वजह यह है कि वे खेल-खेल में कई अलग-अलग चीजों को छूते हैं, जिससे उनके हाथों में कीटाणु आ जाते हैं। बच्चों की सेहत ठीक रहे और वे बीमारियों से बचे रहें, इसके लिए उन्हें साफ-सफाई की अच्छी आदतें सिखाना बहुत जरूरी है। यहां कुछ आसान आदतों के बारे में बताया गया है, जिन्हें सिखाकर आप अपने बच्चों को बीमारियों से दूर रख सकते हैं।
बच्चों को बीमारियों से दूर रखेंगी ये 6 Child Hygiene Habits
1. रोज सुबह और रात को ब्रश करना

लगभग छह से आठ महीने की उम्र में बच्चों के दूध के दांत आने शुरू हो जाते हैं। भले ही ये दांत बाद में गिर जाते हैं, लेकिन फिर भी इनकी सफाई बहुत जरूरी होती है। बच्चों को प्यार से ब्रश पकड़ना और सही तरीके से दांत साफ करना सिखाएं, ताकि उनके दांतों में सड़न न हो।
2. सही तरीके से हाथ धोना
बच्चों को खाना खाने से पहले, बाहर से खेलकर आने के बाद और किसी गंदी चीज को छूने के बाद हाथ धोने की आदत डालें। उन्हें सिखाएं कि हाथों में साबुन लगाकर कम से कम 20 से 30 सेकंड तक अच्छे से रगड़कर पानी से साफ करें। इससे हाथों के सारे जर्म्स खत्म हो जाते हैं।
3. दांतों से नाखून न काटना
कई बच्चों को मुंह में उंगली डालने या दांतों से नाखून चबाने की आदत होती है। बच्चों को समझाएं कि नाखूनों के अंदर छिपी गंदगी और कीटाणु पेट में चले जाएंगे, जिससे उनके पेट में दर्द हो सकता है और वे बीमार पड़ सकते हैं।
4. टॉयलेट के बाद फ्लश करना

जब आप बच्चे को टॉयलेट इस्तेमाल करना सिखाएं, तो उसे यह भी जरूर बताएं कि इस्तेमाल के बाद फ्लश चलाना कितना जरूरी है। इसके साथ ही टॉयलेट सीट को साफ रखना, इस्तेमाल किया हुआ टिशू पेपर डस्टबिन में फेंकना और टॉयलेट का उपयोग करने के तुरंत बाद साबुन से हाथ धोना भी सिखाएं।
5. खांसते या छींकते समय मुंह ढकना
बच्चों को ये जरूर सिखाएं कि जब भी उन्हें छींक या खांसी आए, तो वे अपने मुंह और नाक को रुमाल, टिशू या अपनी कोहनी से ढकें। ऐसा करने से हवा में कीटाणु नहीं फैलते और घर के दूसरे लोग या उनके दोस्त बीमार होने से बचते हैं।
6. नहाकर साफ और सूखे कपड़े पहनना
बच्चों को रोज नहाने की आदत डालें ताकि उनके शरीर का पसीना और धूल-मिट्टी साफ हो सके। नहाने के बाद उन्हें खुद को तौलिए से अच्छी तरह सुखाना और हमेशा साफ-सुथरे कपड़े पहनना सिखाएं। इससे त्वचा के इंफेक्शन और दाद खाज जैसी समस्याओं से बचाव होता है।


Download Android App
Download iOS App




