असम में सीट बंटवारे का ऐलान, भारतीय जनता पार्टी 89 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, क्या होगा सीटों का समीकरण

BJP Seat Sharing in Assam

BJP Seat Sharing in Assam : असम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर साफ होने लगी है। मुख्यमंत्री हिमंता बिश्वा शर्मा ने मंगलवार को घोषणा की कि भाजपा 126 सदस्यीय विधानसभा में 89 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, जबकि सहयोगी दलों के लिए 37 सीटें छोड़ी जाएंगी। सीट बंटवारे के तहत असम गण परिषद को 26 सीटें और बोडोलैंड पीपल्स फ्रन्ट को 11 सीटें दी गई हैं।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद हिमंता बिश्वा शर्मा ने बताया कि गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है। उन्होंने कहा कि सभी दल मिलकर समन्वित तरीके से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।

उम्मीदवारों की सूची जल्द होगी जारी

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक बुधवार, 18 मार्च को प्रस्तावित है। इस बैठक के बाद उम्मीदवारों की सूची बुधवार या गुरुवार तक जारी की जा सकती है। पार्टी ने सहयोगियों के साथ तालमेल बनाते हुए चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है।

असम विधानसभा की कुल 126 सीटों में से 2021 के चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने 75 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। भाजपा ने अकेले 60 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि एजीपी को 9 सीटें मिली थीं। यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि पहली बार किसी गैर-कांग्रेस गठबंधन ने लगातार दूसरी बार सत्ता में वापसी की थी।

BJP Seat Sharing in Assam : हैट्रिक मारने की कोशिश में भाजपा

पिछले चुनाव में भाजपा ने 92 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि सहयोगी दलों में एजीपी को 26 और यूपीपीएल को 8 सीटें दी गई थीं। असम की राजनीति में सीट बंटवारा हमेशा अहम माना जाता है, खासकर बोडोलैंड जैसे क्षेत्रों में जहां क्षेत्रीय दलों का प्रभाव निर्णायक रहता है। इस बार राज्य में मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

कांग्रेस में नेताओं के इस्तीफे ने मचाई खलबली

इसी बीच, नागांव से कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरोडोलोई ने पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि टिकट को लेकर असंतोष के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। वे हाल के दिनों में प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व, खासकर गौरव गोगोई के खिलाफ खुलकर बोल रहे थे। ऐसी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि वह भाजपा जॉइन कर सकते हैं।

चर्चा है कि भाजपा उन्हें दिसपुर सीट से उम्मीदवार बना सकती है। खुद हिमंता बिश्व शर्मा ने उन्हें भाजपा में शामिल होने और अपनी पसंद की सीट से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भी दिया है। वहीं, उनके बेटे प्रतीक बोरदोलोई को कांग्रेस ने मार्गेरिटा सीट से उम्मीदवार बनाने की चर्चा है।

यह भी पढ़ेंअसम चुनाव के लिए AAP की दूसरी लिस्ट जारी, जानें किसे कहां से मिला मौका?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।