कोटद्वार : भाजपा महिला मोर्चा की ओर से कोटद्वार में सदस्यता महापर्व का आयोजन किया गया। इसमें संगठन को बुलंदी पर पहुंचाने के लिए पौड़ी जिले की प्रत्येक महिला कार्यकर्ता ने स्वयं 50 नए कार्यकर्ता जोड़ने का संकल्प लिया। आज मोर्चा की जिलाध्यक्ष मधु खुगशाल की अध्यक्षता में आयोजित सदस्यता अभियान का मुख्य अतिथि गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, वन मंत्री हरक सिंह रावत, लैंसडौन विधायक दिलीप रावत, यम्केश्वर विधायक रितु खंडूरी, पौड़ी विधायक मुकेश कोली और भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट ने शुभारंभ किया।
इस मौके पर गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने महिला कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताया। कहा कि महिला कार्यकर्ताओं की मेहनत के चलते पार्टी बुलंदियों को छू रही है। यही कारण है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई है। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में ही नहीं पूरे विश्व में भाजपा की लहर चल रही है। लोग स्वत: ही भाजपा में शामिल होने को बेताब है। ऐसे में महिलाओं को पार्टी में जोड़ना कार्यकर्ताओं के लिए आसान है।
महिला मोर्चा के सदस्य अभियान की प्रदेश प्रभारी विधायक रितु खंडूरी ने कहा कि महिला कार्यकर्ता सदस्य बनाने से लेकर वोट डालने के कार्य में पार्टी के अग्रणी भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 50 नए सदस्य बनाने की अपील की है। इस अवसर पर राज्य मंत्री राजेंद्र प्रसाद अंथवाल, कर्नल सीएम नौटियाल (सेनि), प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, महामंत्री सरला खंडूरी, राज रावत, सीता शर्मा,अभिलाषा भारद्वाज, रश्मि राणा व विरेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।