राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने अन्य पिछड़ वर्ग (ओबीसी) आरक्षण संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
इस अवसर पर सतीश पूनिया ने कहा कि ओबीसी आरक्षण संशोधन बिल लोकसभा में पारित हुआ, जो राज्यों को अपनी ओबीसी सूची बनाने की स्वतंत्रता प्रदान करेगा। सामाजिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाते इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का अभिनंदन।
वहीं वसुंधरा राजे ने कहा कि ओबीसी आरक्षण संशोधन बिल का लोकसभा में पारित होना केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं संघीय ढांचे की सम्मानता के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह निश्चित रूप से ओबीसी वर्ग के लिए कल्याणकारी साबित होगा। उन्होंने इसके लिए मोदी का हार्दिक अभिनंदन किया।
इसी तरह विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी इसके लिए मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार अन्य पिछड़े वर्ग के लोगों को सामाजिक न्याय दिलाते हुए उन्हें विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इसी दिशा में लोकसभा में 127वां संविधान संशोधन विधेयक पारित होने से राज्यों को भी आरक्षण के लिए ओबीसी सूची बनाने की स्वायत्तता मिल सकेगी। संघीय ढांचे की भावनाओं को मजबूत करते हुए इस ऐतिहासिक कदम के लिए मोदी सरकार का आभार एवं अभिनंदन। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने भी इसके लिए मोदी का आभार जताते हुए कहा कि ओबीसी आरक्षण संशोधन बिल लोकसभा में पारित हुआ, जो राज्यों को अपनी ओबीसी सूची बनाने की स्वतंत्रता प्रदान करेगा।


Download Android App
Download iOS App



