राजस्थान में 15 IPS अधिकारियों पर गिरी स्थानांतरण की गाज, गहलोत सरकार ने देर रात किए तबादले

Summary :

राजस्थान सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 15 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन्न किया है। राज्य सरकार ने सोमवार देर रात इन अधिकारियों के तबादले कर दिए।

राजस्थान सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 15 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन्न किया है। राज्य सरकार ने सोमवार देर रात इन अधिकारियों के तबादले कर दिए। इनमें नौ पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है। इनमें हाल में शराब तस्करी मामले को लेकर विवादों में आए सिरोही पुलिस अधीक्षक हिम्मत अभिलाष टॉक भी शामिल हैं। नागौर पुलिस अधीक्षक श्वेता धनखड़ का भी तबादला कर दिया गया। उन पर भी नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सट्टा माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाया था।
टॉक को अजमेर के किशनगढ़ में प्राचार्य पुलिस प्रशिक्षण केंद्र जबकि श्वेता धनकड़ को जयपुर पुलिस आयुक्तालय में पुलिस उपायुक्त (यातायात) लगाया गया है। आईपीएस धर्मेंद्र सिंह को सिरोही में पुलिस अधीक्षक जबकि अभिजित सिंह नागौर पुलिस अधीक्षक लगाया है। इसी तरह आईपीएस राजेश सिंह को सवाई माधोपुर एवं राजेंद्र प्रसाद गोयल को चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक, पदस्थापन्न की प्रतीक्षा में पंकज कुमार चौधरी को कमांडेंट डिजास्टर रैस्पॉन्स फोर्स जयपुर, दीपक भार्गव पुलिस अधीक्षक (एसओजी) जयपुर, भुवन भूषण यादव को उपायुक्त जोधपुर एवं प्रहलाद सिंह किशनिया को उपायुक्त जयपुर शहर के पद नियुक्त किया गया हैं।
इसके अलावा आईपीएस आदर्श सिधू को प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक, चूनाराम जाट को पुलिस अधीक्षक सीआईडी,सीबी जयपुर, सुधीर चौधरी राजसमंद पुलिस अधीक्षक, हर्षवर्द्धन अग्रवाल को पुलिस अधीक्षक सीआईडी, सीबी जयपुर तथा राजऋषि राज वर्मा को परिसहाय राज्यपाल लगाया गया है।

Desk Team