उदयपुर : राजस्थान के बांसवाडा शहर में एक धार्मिक स्थल पर कब्जे को लेकर हुये उपद्रव के बाद कल लगाए गए कर्फ्यू में आज कोई ढील नहीं दी गयी है,लेकिन स्थिति तनावपूर्ण एवं नियंत्रण में हैं। पुलिस महानिरीक्षक आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशासन ने स्थिति को देखते हुये फिलहाल कर्फ्यू में ढील नहीं देने का निर्णय लिया हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में चार पुलिसकर्मियों सहित तीन दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने अभी तक 35 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया हैं। गौरतलब है कि शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में खाटवाडा एवं गोरखईमली में गुरूवार रात्रि दो समुदायों में हुये विवाद के बाद पुलिस ने धारा 144 लगाई थी।
इसके बाद शुक्रवार दोपहर पुन: हुयी हिंसा एवं आगजनी के बाद अनिश्चिकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया था। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री धनसिंह रावत इस मामले में दोनों समुदाय के मौतबीरों को बुलाकर कर समझाईश करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस महानिरीक्षक आनंद श्रीवास्तव, जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद, जिला पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गणपत महावर सहित आलाअधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर पूर्ण निगाह रख रहे हैं।
– वार्ता


Download Android App
Download iOS App



