राजस्थान में पाली जिले के बोमादडा गांव के पास सोमवार सुबह करीब साढ़े 3 बजे सूर्यनगरी सुफरफास्ट ट्रेन पटरी से उतर गई। ट्रेन के 3 डिब्बे पलट गए, जबकि 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में फिलहाल किसी की जान जाने की खबर नहीं है। 24 यात्री घायल हुए हैं, इसमें चार स्काउट स्टूडेंट शामिल हैं। मौके पर बड़ी संख्या में रेलवे, पुलिस और प्रशासनिक अफसर पहुंच चुके हैं। हादसे के कारण की जांच की जा रही है।
हादसे के समय ज्यादातर यात्री नींद में थे
सूर्यनगरी एक्सप्रेस बांद्रा (मुंबई) से जोधपुर आ रही थी। रात 2 बजकर 48 मिनट पर मारवाड़ जंक्शन पहुंची थी। यहां से 3 बजकर 9 मिनट पर पाली के लिए रवाना हुई, इसी बीच बोमादरा गांव के निकट हादसा हो गया। ट्रेन के एस3 से एस5 डिब्बे पूरी तरह पलट गए। हादसे के समय ज्यादातर यात्री नींद में थे। हादसे में घायल हुए यात्रियों में एक महिला गंभीर बताई जा रही है, उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया। फौरन मौके पर राहत और बचाव शुरू किया गया।
ट्रेन के पहियों के साथ नीचे का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त
ट्रेन में 26 डिब्बे थे। बताया जा रहा है कि ट्रेन में 150 से ज्यादा स्काउट गाइड भी थे। ये जोधुपर में होने वाली जंबूरी में आ रहे थे। हादसे में ट्रेन के पहियों के साथ नीचे का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेन हादसे के बाद रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। इसमें जोधपुर के लिए लोग 0291-2654979 (1072), 0291-2654993, 0291-2624125, 0291-2431646 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, पाली के लोग 0293-2250324 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे ने जोधपुर रूट की 12 ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



