राजस्थान में अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौ तस्करी और वाहन चोर गिरोह के 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी उमेश बेनीवाल ने आज बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर कल रात करीब 12 बजे पथैना रोड के अलीपुर मोड़ पर स्थित एक तिबारे पर पुलिस ने दबिश देकर मकसूद खां, असरू, लियाकत, शब्बीर, समीन और इरशाद को पकड़कर उनसे एक टैंकर, एक कार, 315 बोर का कट्टा, गायों को बांधने की रस्सियां और कच्ची शराब सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि इन बदमाशों पर हरियाणा सहित भरतपुर के कैथवाड़, पहाड़, गोपालगढ़ और सीकर के अलावा अलवर के नौगांवा और रामगढ़ में गौ तस्करी, लूट, पुलिस पर हमले के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश गायों को शराब पिलाते थे, जिसके बाद गाय बेहोश हो जाती और उसके रंभाने की आवाज नहीं आती। फिर उन्हें टैंकरों में डालकर ले जाते थे।
सामान्यत: पुलिस टैंकरों की जांच नहीं करती, इससे इनका काम आसान हो जाता। बेनीवाल ने बताया कि आरोपी खेतों में घूम रही गायों को टेंकर में भरके गौ तस्करी की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार गिरोह के बदमाशों के साथ पिछले दिनों अलवर पुलिस की कम से कम तीन बार मुठभेड़ हो चुकी है, जिसमें आरोपी पुलिस पर गोली चलाते हुए तीनों बार फरार होने कामयाब हो गये।
गौरतलब है की मकसूद खान नवंबर 2017 को गौ तस्करी के आरोप में मारे गए उमर खान का बेटा है। उमर खान पर भी गोतस्करी का आरोप लगा था। कथित रूप से गोरक्षकों ने उमर को पीटने के बाद उसे गोली मार दी थी।


Download Android App
Download iOS App



