राजस्थान के ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़़ ने जिला कलक्टरों को प्रदेश को पूरी तरह खुले में शौच मुक्त बनाने के मिशन का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिये हैं।
श्री राठौड़ आज शासन सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समस्त जिला कलक्टरों के साथ स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं शहरी, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, ग्राम, ग्राम पंचायतों एवं शहरों को खुले में शौच मुक्त घोषित करने एवं उनके सत्यापन की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मार्च 2018 तक पूरे राज्य को खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जो लक्ष्य रखा है, उसे पूरा करने के लिए अधिकारियों को मिशन की तरह कार्य करना होगा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश भी दिये।
श्री राठौड़ ने जिला कलक्टरों से शौचालय निर्माण के साथ-साथ समय पर सत्यापन और भुगतान के काम में भी तीव्रता लाने के लिए कहा।
मुख्य सचिव अशोक जैन ने जिला कलक्टरों को शौचालयों की उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र जल्दी से जल्दी जमा कराने के लिए कहा।


Download Android App
Download iOS App



