भाजपा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर गायों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि लाखों गायों की मौत लंपी चर्म रोग से हुई है लेकिन राज्य सरकार गंभीर नहीं है।
जानवरों में लंपी चर्म रोग के संक्रमण से लाखों गायों की मौत
उन्होंने कहा कि जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, जालोर और सिरोही सहित राजस्थान के सभी जिलों में गायों और अन्य जानवरों में लंपी चर्म रोग का संक्रमण तेजी से फैल रहा है जिससे लाखों गायों की मौत हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि 10 लाख से अधिक गोवंश संक्रमित है, ऐसे में राज्य सरकार के स्तर पर लंपी संक्रमण को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना की जरूरत है, लेकिन सरकार ने गायों को भगवान भरोसे छोड़ रखा है।
शवों के निस्तारण के लिए गहलोत सरकार जमीन भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है – पूनिया
उन्होंने कहा, ‘‘लंपी संक्रमण से गायों को बचाने के लिए राज्य सरकार के स्तर पर ना तो उचित उपचार की सुविधा है और ना ही राज्य सरकार गायों के टीकाकरण पर ध्यान दे रही है। ऐसे में लाखों गाय काल कवलित हो चुकी हैं, जिनके शवों के निस्तारण के लिए गहलोत सरकार जमीन भी उपलब्ध नहीं करा पा रही है।’’
उन्होंने मांग की कि लंपी संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार के स्तर पर सभी जिलों में विशेष दल गठित हों, पशुपालन विभाग में लंबित भर्तियां पूरी हों, पशुओं के लिए दवाईयों एवं टीकाकरण की उचित उपलब्धता हो और साथ ही समय पर इलाज मिले, जिससे गायों सहित सभी पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जिन पशुपालकों एवं किसानों के पशुओं की संक्रमण से मौत हो गई, उनको राज्य सरकार आर्थिक संबल प्रदान करे, जिससे उन्हें आजीविका में मदद मिल सके।
लंपी चर्म रोग से अब तक 45,063 पशुओं की मौत
एक आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, लंपी चर्म रोग से अब तक 45,063 पशुओं की मौत हो चुकी है। वहीं, इस बीमारी से प्रभावित पशुओं की संख्या 10,36,610 है।


Download Android App
Download iOS App



