पिछले टेस्ट में भारत की जीत के नायक अक्षर पटेल ने चौथे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन भी इंग्लैंड को पहले ही सत्र में दो झटके दिये और लंच तक मेहमान टीम तीन विकेट 74 रन पर गंवा चुकी थी । बेयरस्टो का विकेट गंवाने के बाद बेन स्टोक्स ओली पोप के साथ पारी को संवारने में जुटे थे। इंग्लैंड की टीम को उस समय बड़ा झटका लगा, जब टिक कर खेल रहे बेन स्टोक्स 55 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इसी के साथ इंग्लैंड की आधी टीम वापस पवेलियन लौट गई।
छठे ओवर में ही गेंदबाजी के लिये आये बायें हाथ के स्पिनर अक्षर ने ‘आर्म बॉल’ पर डोम सिबले (दो) को बोल्ड करके रवाना किया । इसके बाद जाक क्रॉली (आठ) मिडआफ में मोहम्मद सिराज को कैच देकर लौटे । जो रूट (पांच) को सिराज ने शानदार इनस्विंगर पर पगबाधा आउट किया । पहले ही घंटे में इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 30 रन था ।
लंच के समय जॉनी बेयरस्टॉ 64 गेंद में 28 रन बनाकर खेल रहे थे जिन्होंने छह चौके लगाये हैं । कप्तान विराट कोहली ने 20वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन को गेंद सौंपी । दोनों छोर से स्पिनरों ने दबाव बनाना जारी रखा । लंच के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए टिक कर खेल रहे जॉनी बेयरस्टो को पवेलियन की राह दिखाई।
बेन स्टोक्स 121 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हुए, जिन्होंने पहले ही ओवर में अश्विन को छक्का लगाया । स्टोक्स और बेयरस्टॉ मिलकर 44 रन की साझेदारी की । पहले दिन नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच ने असाधारण टर्न नहीं लिया । बल्लेबाज अगर संभलकर खेले तो उनके लिये यह अच्छी पिच हो सकती है ।
इससे पहले इंग्लैंड टीम में बल्लेबाज डैन लॉरेंस को स्टुअर्ट ब्रॉड की जगह और आफ स्पिनर डोम बेस को जोफ्रा आर्चर की जगह शामिल किया गया । भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह की जगह मोहम्मद सिराज ने ली । बुमराह व्यक्तिगत कारणों से टीम से बाहर हैं ।


Download Android App
Download iOS App



