भारत को जोहानिसबर्ग टेस्ट मैच साउथ अफ्रीका से हार झेलनी पड़ी है। गुरुवार को मैच के चौथे दिन साउथ अफ्रीका ने भारत को सात विकेट से मात दे दी। ऐसे में अब केपटाउन में 11 जनवरी से होने वाला मैच में भारतीय टीम जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा जरूर करना चाहेगी।

वहीं टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत को मिली हार के बाद अब कुछ बल्लेबाजों के शॉट सेलेक्शन पर सवाल उठ रहे हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर विकेटकीपर ऋषभ पंत का नाम है। इतना ही नहीं दूसरी पारी में पंत के आउट होने के तरीके पर सबसे ज्यादा प्रश्न खड़े हो रहे हैं। दरअसल पंत उस पारी में अपनी तीसरी बॉल पर कैगिसो रबाडा के खिलाफ आक्रामक शॉट खेलने के प्रयास में खाता खोले बगैर पवेलियन चलते बने थे।

अब हेड कोच राहुल द्रविड़ ने ऋषभ पंत को लेकर बड़ी बात कही है। कोच राहुल द्रविड़ ने संकेत दिये हैं कि उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से उनके शॉट्स की टाइमिंग को लेकर बात की है । वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में गैर जिम्मेदाराना स्लॉग शॉट खेलकर आउट हुए थे।

दूसरे टेस्ट में भारत की सात विकेट से हार के बाद द्रविड़ ने कहा कि वह हमेशा चाहते हैं कि पंत सकारात्मक क्रिकेट खेले लेकिन शॉट्स का चयन बेहतर हो सकता है। हम जानते हैं कि ऋषभ सकारात्मक क्रिकेट खेलता है और उसका अपना एक अंदाज है जिससे उसे कुछ सफलता भी मिली है। लेकिन कई बार उससे इसके बारे में बात करनी जरूरी होती है। खासकर शॉट्स के चयन को लेकर।

द्रविड़ ने कहा,कोई उससे यह नहीं कहने जा रहा कि सकारात्मक क्रिकेट नहीं खेलो या आक्रामक बल्लेबाजी मत करो लेकिन कई बार ऐसा करने के लिये सही समय चुनने की बात होती है। भारत के लिये 164 टेस्ट खेल चुके द्रविड़ ने कहा कि पंत तेजी से मैच का रूख बदल सकता है ।

उन्होंने कहा, क्रीज पर खुद को थोड़ा और समय देना जरूरी है। वह काफी सकारात्मक खिलाड़ी है और मैच का रूख तेजी से बदल सकता है। हम उससे वह बदलने के लिये नहीं कहेंगे । लेकिन कई बार यह पता करना जरूरी होता है कि आक्रामक खेलने का सही समय क्या है। वह सीख रहा है।


Download Android App
Download iOS App



