इंडियन क्रिकेट टीम के एक्सपीरिएंस्ड बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को एक वीडियो जारी कर के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। लंबे समय से इंडियन टीम में वापसी का इंतजार कर रहे रहाणे ने कहा कि अब उन्हें लगता है कि क्रिकेट के इस सफर को खत्म करने का सही समय आ गया है। हाल ही के सालों में वो नेशनल टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे और आईपीएल के पिछले सीजन में भी उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था।
रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया पर रहाणे के लिए क्या कहा?

रहाणे के संन्यास के बाद अब भारतीय टीम के ओपनर और दिग्गज बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें यादगार करियर के लिए बधाई दी है। रोहित ने कहा कि, उन्होंने रहाणे के साथ कई सालों तक ड्रेसिंग रूम शेयर किया है और वह जानते हैं कि इस बल्लेबाज ने अपनी अचीवमेंट्स के लिए कितनी मेहनत की है। उन्होंने रहाणे की मेहनत, डिसीप्लेन और प्रोफेशनल रवैये की तारीफ करते हुए उनके आने वाले समय के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं है।
रोहित शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि, “हमने इतने सालों तक ड्रेसिंग रूम शेयर किया है। मुझे पता है कि आपने जो कुछ हासिल किया है, उसके पीछे कितनी मेहनत है। आपकी लगन और प्रोफेशनलिज्म ने हमेशा आपको अलग पहचान दी है। शानदार करियर के लिए बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”
अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा ने एक साथ खेले कई मैच

अजिंक्य रहाणे और रोहित शर्मा का इंटरनेशनल करियर लगभग एक ही दौर में शुरू हुआ था। रोहित की कप्तानी में खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में भी रहाणे ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहली पारी में 89 रन और दूसरी पारी में 46 रन बनाए थे और वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे थे। हालांकि, उस मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
कैसा रहा अजिंक्य रहाणे का करियर?

38 साल के रहाणे ने अपने इंटरनेशनल करियर में भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 5077 रन, वनडे में 2962 रन और टी20 इंटरनेशनल में 375 रन बनाए। टेस्ट में उनके नाम 12 शतक और 26 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि वनडे में उन्होंने 3 शतक और 24 अर्धशतक लगाए हैं। रहाणे ने इंडियन टीम की कप्तानी भी की और उनकी लीडरशिप में भारत ने छह टेस्ट मैच खेले, जिनमें टीम को कोई हार नहीं मिली। उनकी कप्तानी में भारत ने चार मुकाबले जीते और दो मैच ड्रॉ रहे।
अपने संन्यास के फैसले का ऐलान करते समय रहाणे इमोशनल भी नजर आए। अपने लंबे क्रिकेट सफर को याद करते हुए उनकी आंखों में आंसू आ गए। रहाणे का करियर इंडियन क्रिकेट में धैर्य, तकनीक और जिम्मेदारी के लिए हमेशा याद किया जाएगा।



Download Android App
Download iOS App




