रूपिंदर, आकाश की टीम में वापसी

Summary :

हॉकी इंडिया ने गत विजेता भारत की टीम की घोषणा की जिसमें चैंपियन ट्रॉफी की उपविजेता रहने वाली टीम में केवल दो बदलाव किए गए हैं।

नई दिल्ली : अनुभवी ड्रैगफ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह और स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह ने अगले महीने इंडोनेशिया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत की 18 सदस्यीय पुरूष हॉकी टीम में वापसी की। हॉकी इंडिया ने गत विजेता भारत की टीम की घोषणा की जिसमें चैंपियन ट्रॉफी की उपविजेता रहने वाली टीम में केवल दो बदलाव किए गए हैं। भारत ने हाल में नीदरलैंड में चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक जीता था। चैंपियंस ट्रॉफी की टीम से रूपिंदर को आराम दिया गया था।

वह जरमनप्रीत सिंह की जगह टीम में लौटे हैं। आकाशदीप ने चोटिल रमनदीप सिंह की जगह ली है।गोलकीपर पी आर श्रीजेश के नेतृत्व वाली बाकी टीम वही है जिसने चैंपियन ट्रॉफी के आखिरी टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। चिंग्लेनसाना सिंह को उपकप्तान के रूप में बरकरार रखा गया है और मिडफील्ड में वह अनुभवी सरदार सिंह, मनप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद के साथ शामिल होंगे।

भारत की फॉरवर्ड लाइन में केवल एक बदलाव किया गया है जिसमें आकाशदीप रमनदीप की जगह लेंगे। चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान रमनदीप के दायें घुटने में चोट लग गयी थी। आकाशदीप के अलावा एशियाई खेलों की हॉकी टीम में एस वी सुनील, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय और दिलप्रीत सिंह अन्य स्ट्राइकर होंगे।

Desk Team