सेरेना-नडाल रोजर्स कप के फाइनल में

Summary :

दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और राफेल नडाल ने यहां जारी रोजर्स कप में अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है।

मॉन्ट्रियल : दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और राफेल नडाल ने यहां जारी रोजर्स कप में अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। अमेरिका की विलियम्स ने महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में एक सेट से पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करते हुए चेक गणराज्य की मारी बाउजोकोवा को 1-6, 6-3, 6-3 से पराजित किया। 
विलियम्स ने अपने करियर में पांचवीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। 23 बार की ग्रैंड स्लैम विजेता फाइनल में अब बिआन्का एंड्रेस्कू से भिड़ेगी। विलियम्स केवल एक बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में हारी हैं। उन्हें 2000 में मार्टिना हिगिस के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है। दूसरी ओर, पुरुष एकल वर्ग में नडाल ने 51वीं बार किसी एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। 
नडाल के प्रतिद्वंद्वी फ्रांस के गेल मोनफिल्स ने चोटिल होने के कारण सेमीफाइनल में नाम वापस ले लिया और स्पेनिश खिलाड़ी को वॉकओवर मिला। फाइनल में नडाल का सामना रूस के डेनिल मेदवेदेव के खिलाफ होगा जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में केरन खाचानोवा को 6-1, 7-6 (6) से मात दी।

Desk Team