लंदन : अपने पिछले चार मैचों में से तीन में जीत दर्ज करने वाला मौजूदा चैंपियन आस्ट्रेलिया अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन करने में नाकाम रहे श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले विश्व कप मैच में सेमीफाइनल में पहुंचने के अपने अभियान को गति देने की कोशिश करेगा।
आस्ट्रेलिया ने अब तक अफगानिस्तान, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान को हराया है लेकिन इस बीच उसे भारत से हार का सामना भी करना पड़ा। अब उसका सामना उस श्रीलंका से है जिसने न्यूजीलैंड से करारी शिकस्त झेलने के बाद अफगानिस्तान पर संघर्षपूर्ण जीत दर्ज करके वापसी की लेकिन इसके बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ उसके मैच बारिश की भेंट चढ़ गये।
बारिश ने अभी तक विश्व कप में कहर बरपाया और चार मैचों का इस वजह से परिणाम नहीं निकल पाया है। आस्ट्रेलिया के लिये अच्छी खबर यह है कि ओवल में बारिश की बहुत अधिक संभावना नहीं जतायी गयी है और उसका मैच पर बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
श्रीलंका पर दबदबा बना रखा है आस्ट्रेलिया ने
इन दोनों टीमों के बीच मुकाबले में आस्ट्रेलिया का दबदबा रहा है। दोनों टीमों के बीच जो 96 वनडे खेले गये हैं उनमें से 60 आस्ट्रेलिया ने और 32 श्रीलंका ने जीते हैं। विश्व कप में दोनों टीमें अब तक नौ बार आमने सामने हुई हैं जिनमें से सात मैच आस्ट्रेलिया ने जीते है।
श्रीलंका ने आस्ट्रेलिया को एकमात्र मैच में पराजित किया है लेकिन वह 1996 का विश्व कप फाइनल था। इसके बाद जिन पांच मैच का परिणाम निकला उनमें आस्ट्रेलिया विजयी रहा।


Download Android App
Download iOS App



