कुछ साबित करने के लिये वापसी नहीं करूंगी : सानिया

Summary :

सानिया मिर्जा ने कहा है कि अपने कैरियर में वह इतना कुछ हासिल कर चुकी है कि अब दूसरी पारी में उन्हें ‘कुछ साबित नहीं करना’ है और वह जनवरी 2020 तक वापसी की कोशिश में है।

नई दिल्ली : भारत की स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने कहा है कि अपने कैरियर में वह इतना कुछ हासिल कर चुकी है कि अब दूसरी पारी में उन्हें ‘कुछ साबित नहीं करना’ है और वह जनवरी 2020 तक वापसी की कोशिश में है। मां बनने के बाद दो साल से अधिक समय के ब्रेक के बाद प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी की तैयारी कर रही 32 बरस की सानिया रोज चार घंटे अभ्यास करती है और 26 किलो वजन कम कर लिया है। 
अपने सुनहरे कैरियर में सानिया ने छह युगल ग्रैंडस्लैम खिताब जीते और विश्व रैंकिंग में नंबर एक तक पहुंची। इसके अलावा स्विटजरलैंड की मार्तिना हिंगिस के साथ डब्ल्यूटीए सर्किट पर कई खिताब जीते। सानिया ने कहा कि मैने अपने कैरियर में इतना कुछ हासिल किया है कि कभी सोचा भी नहीं था। 
अब अगली पारी में जो होगा, वह मेरे लिये बोनस होगा। मुझे लग रहा था कि अगस्त तक वापसी कर सकूंगी लेकिन अब जनवरी में संभावना लग रही है। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा इजहान मेरे लिये सबसे बड़ा उपहार है। यदि मैं वापसी कर सकी तो यह शानदार होगा। मेरा बेटा फिर से फिट होने के लिये मेरी प्रेरणा रहा है। यदि मैं वापसी करती भी हूं तो मुझे कुछ साबित नहीं करना है। 

Desk Team