Triple Murder In Aurangabad : बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक ने अपने ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में 10 वर्षीय अनीश (मनीष), 7 वर्षीय आयुषी और 5 वर्षीय अनुष्का शामिल हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर आत्महत्या की कोशिश की।
पारिवारिक विवाद के बीच हुआ हमला
पुलिस की शुरुआती जांच से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अमंत पाल अविवाहित था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह वह बाइक से कहीं बाहर गया था। वापस लौटने के बाद उसने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसकी भाभी अनीता देवी उस समय नहा रही थीं। दरवाजा खोलने में थोड़ी देर होने से वह गुस्से में आ गया और घर के अंदर घुसते ही हिंसक हो उठा।
बच्चों को कमरे में बंद कर की वारदात
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने तीनों बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। बाहर तक आवाज न पहुंचे, इसके लिए उसने म्यूजिक सिस्टम की आवाज तेज कर दी। इसके बाद उसने धारदार हथियार से एक-एक कर तीनों बच्चों पर हमला कर दिया। जब बच्चों की हल्की आवाज उनकी मां तक पहुंची तो उन्होंने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वेंटिलेटर के सहारे कमरे में दाखिल हुए, जहां तीनों बच्चे खून से लथपथ पड़े मिले।
TV9 की खबर के अनुसार घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी वार कर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने देखा कि उसकी सांसें चल रही थीं। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
पुलिस कर रही जांच
बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता गुड्डू पाल रेलवे की पैंट्री कार में कुक के रूप में काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ अशोक कुमार दास और हसपुरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें – मासूम ने जब CM Yogi को भेंट किया ‘बुलडोजर’, तो मुख्यमंत्री ने गाल खींचकर किया प्यार, VIDEO हुआ वायरल





















