प्रसिद्ध पादरी बेसेलियस मारथोमा पॉलोस द्वितीय का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडियन ऑर्थोडॉक्स चर्च के सुप्रीम हेड मोरन मार बेसलियोस मार्थोमा पॉलोस द्वितीय के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

मलंकारा ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च ऑफ इंडिया’ के सर्वोच्च प्रमुख बेसेलियस मार्थोमा पॉलोस द्वितीय का रविवार देर रात निधन हो गया। वो 74 साल के थे। गिरजाघर के प्रवक्ता ने ये जानकारी देते हुए बताया कि पादरी का कोविड-19 के बाद हुई जटिलताओं के कारण पतनमतिट्टा जिले के पारूमाला में एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार देर रात करीब 2:35 बजे उनका निधन हो गया।
वो दिसंबर 2019 से फेफड़ों के कैंसर से भी पीड़ित थे और इस साल फरवरी में कोरोना वायरस संक्रमण से उबरे थे। गिरजाघर की ओर से बताया गया कि बेसेलियस मार्थोमा पॉलोस द्वितीय मलंकारा (पूर्व) के गिरजाघरों के आठवें प्रमुख (कैथोलिकोस) थे। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मलंकारा ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च ऑफ इंडिया’ के सर्वोच्च प्रमुख बेसेलियस मारथोमा पॉलोस द्वितीय के निधन पर शोक जताया और कहा कि वह अपने पीछे सेवा और करूणा भाव का समृद्ध धरोहर छोड़ गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘इंडियान ऑर्थोडॉक्स चर्च के सर्वोच्च प्रमुख बेसेलियस मारथोमा पॉलोस द्वितीय के निधन से दुखी हूं। वह अपने पीछे सेवा और करूणा भाव का समृद्ध धरोहर छोड़ गए हैं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवादनाएं चर्च के सदस्यों के साथ हैं।’’


कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने भी बेसलियोस मार्थोमा पॉलोस द्वितीय के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मलंकारा ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च ऑफ इंडिया के सर्वोच्च प्रमुख परम पावन बेसिलियोस मार्थोमा पॉलोज द्वितीय के निधन पर मेरी संवेदना। धार्मिक प्रमुख के रूप में उनके योगदान के साथ-साथ बेघरों के लिए उनके मानवीय कार्यों के लिए उन्हें याद किया जाएगा।

Desk Team