प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में पहली बार राष्ट्रीय प्रशिक्षण सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान, पीएम मोदी एक सभा को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि पीएम मोदी रविवार सुबह 10.30 बजे अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और कन्वेंशन सेंटर प्रगति मैदान में सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा
देश भर में प्रशासनिक सेवा प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण अवसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से, क्षमता निर्माण आयोग द्वारा राष्ट्रीय प्रशिक्षण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
1,500 से अधिक प्रतिनिधि लेंगे भाग
बयान में कहा गया है कि सम्मेलन में केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थानों, राज्य प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थानों, क्षेत्रीय और मंडल प्रशिक्षण संस्थानों तथा अनुसंधान संस्थानों सहित प्रशिक्षण संस्थानों के 1,500 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें कहा गया है कि विचार-विमर्श में केंद्र सरकार के विभागों, राज्य सरकारों, स्थानीय सरकारों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ भी भाग लेंगे। सम्मेलन में आठ पैनल चर्चा होगी, जिनमें से प्रत्येक में प्रशासनिक सेवा प्रशिक्षण संस्थानों से संबंधित प्रमुख विषयों; जैसे संकाय विकास, प्रशिक्षण प्रभाव मूल्यांकन और सामग्री डिजिटलीकरण आदि से जुड़ी मुख्य चिंताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



