पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर के मामले में फर्जी आधार कार्ड बनवाने वाले दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस ने उनसे आधार कार्ड बनाने वाले कई सामान भी बरामद किए हैं। हिरासत में लिए गए लोग सचिन के एक रिश्तेदार के रिश्तेदार हैं। इन्हें बुलंदशहर के अहमदगढ़ के जनसेवा केंद्र से हिरासत में लिया गया है।
फर्जी आधार कार्ड की मदद से सीमा ने नेपाल से भारत में की थी एंट्री
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रबूपुरा के रहने वाले एक लड़के ने सचिन की मदद की थी। पुलिस ने उस लड़के समेत बुलंदशहर के अहमदगढ़ के जनसेवा केंद्र संचालक दो भाइयों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस और यूपी एटीएस को शक है कि इन्हीं फर्जी आधार कार्ड की मदद से सीमा ने नेपाल से भारत में एंट्री की थी।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई सचिन की निशानदेही पर ही हुई है। रबूपुरा के अंबेडकर नगर निवासी मकान मालिक से जब पूछताछ हुई, तो उसने जानकारी दी कि सचिन ने उन्हें सीमा को अहमदगढ़ निवासी बता कर ही कमरा किराए पर लिया था। उसने कहा था कि उसकी रिश्तेदारी में रहने वाली महिला से शादी हुई है। इस मामले को लेकर पुलिस और जांच एजेंसियां गहनता से छानबीन कर रही है।
आधार कार्ड बनवाने वाले लोगों की तलाश कर रही थी पुलिस
उधर, दूसरी तरफ रविवार को भी सीमा की तबीयत खराब रही और मीडिया से उसने दूरी बनाए रखा। सचिन के घर वालों ने भी सचिन की तबीयत खराब होने का हवाला देकर उससे भी किसी को नहीं मिलने दिया। दरअसल बिना वीजा के पाकिस्तान से ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा पहुंची सीमा 50 दिन छुपकर फर्जी ढंग से रही थी और यहां पर उसने आधार कार्ड भी बनवा लिया था। इस बात का खुलासा होने के बाद पुलिस उस आधार कार्ड बनवाने वाले लोगों की तलाश कर रही थी। सचिन और सीमा से अभी तक हुई पूछताछ में फिलहाल उसके जासूस हाेेेने के ठोस सबूत तो नहीं मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App



