बिना शोर-शराबे के बागपत पहुंचे जयंत चौधरी, 15 मिनट का दौरा पूरे जिले में बना चर्चा का विषय

Summary :

पूर्व त्रिपुरा DGP अनुराग धनकड़ की तेरहवीं में शामिल होकर श्रद्धांजलि देने पहुंचे रालोद प्रमुख जयंत चौधरी का 15 मिनट का सादगी भरा दौरा जिले भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Jayant Chaudhary Baghpat visit

Jayant Chaudhary Baghpat visit : केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी रविवार को अचानक बागपत के बड़ौत पहुंचे। बिना किसी लाव-लश्कर, वीआईपी सिक्योरिटी के बड़े काफिले और सरकारी गाड़ी के, वह एक निजी वाहन में बड़ौत पहुंचे थे। उनका यह 15 मिनट का दौरा अब पूरे जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पूर्व त्रिपुरा DGP अनुराग धनकड़ को दी श्रद्धांजलि

Jayant Chaudhary Baghpat visit

जयंत चौधरी पूर्व त्रिपुरा पुलिस महानिदेशक (DGP) और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी स्व. अनुराग धनकड़ की तेरहवीं के अनुष्ठान में शामिल होने आए थे। वह सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने धार्मिक विधि-विधान के साथ हवन में आहुति अर्पित की।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने स्व. अनुराग धनकड़ के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना जताई। उन्होंने शोकाकुल परिवार को दिलासा देते हुए इस मुश्किल वक्त में धैर्य बनाए रखने की बात कही और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

स्थानीय नेताओं तक को नहीं थी भनक

इस संक्षिप्त दौरे की सबसे खास बात इसकी सादगी रही। स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नेताओं को केंद्रीय मंत्री के आगमन की कोई पूर्व सूचना नहीं थी।

जयंत चौधरी ने दौरे को पूरी तरह से व्यक्तिगत रखा। बिना किसी स्वागत समारोह, सार्वजनिक सभा या राजनीतिक बातचीत के, वह श्रद्धांजलि अर्पित कर 15 मिनट के भीतर ही वापस रवाना हो गए। जिले भर में दिन भर बिना शोर-शराबे के पहुंचे केंद्रीय मंत्री के इस सादगी भरे अंदाज की चर्चा होती रही।

यह भी पढ़ें – लखनऊ में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को दी गई बचाव और टीकाकरण की अहम जानकारी

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।