इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद हाल ही में जेल से रिहा हुए डॉ. कफील खान ने सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान डॉ. कफील की पत्नी भी उनके साथ मौजूद रहीं। प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा की।
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में भड़काऊ भाषण देने के आरोप में डॉ. कफील खान को गिरफ्तार किया गया था। कांग्रेस ने उनकर रिहाई के लिए बड़े पैमान पर हस्ताक्षर अभियान चलाया था और प्रदर्शन किए थे। जेल से रिहा होने के बाद प्रियंका गांधी ने फोन कर कफील और उनके परिवार से बातचीत कर उनकी हालचाल लिया था और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया था।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और अल्पसंख्यक कांग्रेस के चेयरमैन शाहनवाज आलम भी मौजूद थे। करीब साढ़ सात महीने मथुरा जेल में रासुका के तहत बंद रहे डॉ. कफील ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग (यूएनएचआरसी) को पत्र लिखा जिसमें उन्होने भारत में अंतरराष्ट्रीय मानव सुरक्षा मानकों के व्यापक उल्लंघन और असहमति की आवाज को दबाने के लिए रासुका के दुरुपयोग की बात कही थी।


Download Android App
Download iOS App



