मोदी सरकार के बारे में बसपा सुप्रीमो मायावती की टिप्पणी पर चुटकी लेते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि ‘जिनकी खुद की नैया डूबी हो, उन्हें दूसरों की नैया कहां से दिख गई, चुनाव परिणाम आने दें, उन्हें पता चल जायेगा।’ राजनाथ से बसपा प्रमुख मायावती की उस टिप्पणी के बारे में पूछा गया था जिसमें उन्होंने कहा आज कहा कि ”पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार की नैया डूब रही है।”
मायावती ने आज सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए लिखा, ”इसका जीता जागता प्रमाण यह है कि (राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ) आरएसएस ने भी इनका साथ छोड़ दिया है, जिससे श्री मोदी के पसीने छूट रहे है।” राजनाथ सिंह ने भाजपा मुख्यालय में कहा, ”मायावतीजी को कहने दीजिए । चुनाव परिणाम आने दीजिए, पता चल जायेगा कि किसकी नैया डूबी है।”
उन्होंने कहा कि जिनकी खुद की नैया डूबी है, खुद डूबे हैं, उन्हें कहां से यह दिख रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि जहां तक आरएसएस का सवाल है, यह कोई राजनीतिक संगठन नहीं है, यह सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन है। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा दोनों की आम लोगों में विश्वसनीयता काफी कम हुई है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्षियों द्वारा ये दावा किया जा रहा है कि वो सरकार बनाएंगे लेकिन जनता इनसे पूछ रही है इनका नेता कौन है। उन्होंने कहा कि यह अज्ञात है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता को अंधेरे में नहीं रखा जा सकता और जनता से लुका-छिपी का खेल नहीं होना चाहिए ।


Download Android App
Download iOS App



