रोहतक : पूर्व विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि सहकारिता मंत्री के पास मतदान केंद्र में आने जाने की किसी प्रकार की कोई अनुमति नहीं थी और मंत्री मतदान केन्द्रों के अंदर भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए लोगों पर दबाव बना रहे थे, जबकि उनके साथ हिस्ट्रीशीटर बदमाश तक थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में प्रशासन ने कोई कारवाई नहीं की, जिसके चलते चुनाव आयोग को भी शिकायत भेजी गई है।
साथ ही बार एसोसिएशन के प्रधान लोकेन्द्र फौगाट उर्फ जोजो ने हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने व सहकारिता मंत्री के खिलाफ मतदान केन्द्रो में बिना अनुमति घुस कर मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोपो को लेकर पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। बार प्रधान ने तो यहां तक कहां कि अगर प्रशासन ने इस संबंध में कोई कारवाई नहीं की तो बार एसोसिएशन की तत्काल बैठक बुलाकर इस संबंध में फैसला लिया जाएगा। बार प्रधान ने कहा कि उनके पास पूरे मामले की वीडियो क्लीप है, जिसमें सहकारिता मंत्री बूथ पर थे और उनके साथ काफी समर्थक थे।
भारत कन्या माध्यमिक विद्यालय में पूर्व विधायक बीबी बतरा व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के बीच हुई नोकझौक के मामले ने तूल पकड लिया है। सोमवार को पूर्व विधायक बीबी बतरा व बार एसोसिएशन के प्रधान लोकेन्द्र फौगाट पत्रकारों से रूबरू हुए। पूर्व विधायक ने प्रशासन पर सरकार के दबाव में कारवाई न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सूचना मिली थी कि सहकारिता मंत्री अपने कुछ समर्थको व हिस्ट्रीशीटर बदमाश के साथ मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे है, जब वे मतदान केन्द्र पर पहुंचे तो सहकारिता मंत्री अंदर ही थे। इस दौरान उनके बीच इस मामले को लेकर बहस हुई थी।
बतरा ने कहा कि मंत्री के पास मतदान केंद्र पर जाने का कोई अधिकार नहीं था। साथ ही इस संबंध में प्रशासन ने शिकायत के बावजूद भी मंत्री के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया। बार एसोसिएशन के प्रधान लोकेन्द्र फौगाट ने कहा कि मतदान केन्द्र के अंदर हिस्ट्रीशीटर बदमाश रमेश लौहार ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में भी प्रशासन ने सरकार के दबाव में कोई कारवाई नहीं की । और रमेश लौहार के पास से जो अवैध कारतूस व अन्य सामान बरामद हुआ है, इस मामले में पुलिस ने ढिलाई बरती है। उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के खिलाफ भी अपराधिक मामला दर्ज किया जाए, अन्यथा बार एसोसिएशन की बैठक बुलाकर आगामी कारवाई की जाएगी।
(मनमोहन कथूरिया)


Download Android App
Download iOS App



