उत्तर प्रदेश के बलिया में ‘लिव-इन’ में रहने के दौरान पार्टनर के गर्भवती होने पर शादी से इंकार करने वाले एक युवक के खिलाफ बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। नगरा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 23 वर्षीय युवती की शिकायत पर मंगलवार को मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 23 वर्षीय युवती की शिकायत पर बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के विजयीपुर मोहल्ले के निवासी अमित मौर्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 376 (बलात्कार) एवं 506 (जान से मारने की धमकी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि युवती की शिकायत है कि वह 2019 में अमित के संपर्क में आई थी तथा इसके बाद वर्ष 2020 में वह उसके साथ बलिया शहर में ‘लिव इन रिलेशनशिप’ में रहने लगी। अमित ने उसके साथ शादी का वादा करके शारीरिक संबंध स्थापित किए और इस बीच वह गर्भवती हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, युवती का यह भी आरोप है कि अमित ने सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर एक लड़की के नाम से फर्जी आईडी बनाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी सार्वजनिक कर दीं। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी अमित की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। पुलिस ने युवती को चिकित्सकीय जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा है।


Download Android App
Download iOS App



