उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात खाली सीटों के लिए मंगलवार को मतदान शुरू हो गया है। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। इन सात सीटों के लिए कुल 88 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 24.27 लाख मतदाता करेंगे।
निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मतदान के लिए 1,754 पोलिंग सेंटर और 3,655 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। मतदान के दौरान कोई गड़बड़ी न हो इसलिए पर्याप्त मात्रा में अर्धसैनिक बल लगाए गए हैं। क्रिटिकल बूथों पर नजर रखने के लिए 371 बूथों की वेबकास्टिंग कराई जा रही है।
राज्य में उपचुनाव अमरोहा की नौगावां सादात, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, फीरोजाबाद की टूंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया की देवरिया व जौनपुर की मल्हनी सीट पर हो रहा है। चुनाव मैदान में 88 उम्मीदवारों में नौ महिलाएं हैं। कोरोना से मतदान कर्मियों व मतदाताओं की सुरक्षा के लिए थर्मल स्कैनर, सैनिटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा शान्ति पूर्ण मतदान के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की व्यवस्था है। चुनाव प्रक्रिया में 7 सामान्य प्रेक्षक , 7 व्यय प्रेत्रक, 301 सेक्टर, मजिस्ट्रेट, 46 जोनल मजिस्ट्रेट, 76 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 333 माइक्रो ऑब्जर्वर मुस्तैद हैं।


Download Android App
Download iOS App



