नैनीताल में नाबालिग से दुष्कर्म के खिलाफ जनाक्रोश, बाजार बंद का ऐलान

Summary :

नाबालिग से दुष्कर्म के विरोध में नैनीताल में प्रदर्शन

नैनीताल में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले ने शहर में तनाव फैला दिया है। विरोध में लोगों ने बाजार बंद कर दिए हैं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पर्यटक अपने दौरे रद्द कर रहे हैं।

उत्तराखंड के नैनीताल में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आने के दूसरे दिन भी माहौल तनावपूर्ण है। इस घटना के विरोध में लोगों ने रोष जाहिर करते हुए बंद का ऐलान किया है। इस वजह से सभी दुकानें, रेस्टोरेंट, होटल और ढाबे बंद हैं। दूर-दूर तक लोगों का आवागमन देखने को नहीं मिल रहा है। सड़कें वीरान पड़ी हैं। लोगों ने आह्वान किया कि हमें इस घटना के विरोध में एकजुट होकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस घटना के विरोध में पथराव की घटना भी सामने आई है। हालांकि, किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसके लिए सभी संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया। कड़ी चेकिंग के बाद ही शहर में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश दिया जा रहा है।

Uttarakhand: नाबालिग से दुष्कर्म, हिरासत में लिया गया 76 साल का आरोपी

साथ ही, जो पर्यटक यहां थे, वे अब समय से पहले ही अपने-अपने घर रवाना हो रहे हैं। यहीं नहीं, जिन लोगों ने यहां आने का प्लान बना लिया था और टिकट बुक करा लिया था, अब ऐसे लोग अपनी टिकट कैंसिल करवा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अब तक 30 प्रतिशत बुकिंग रद्द हो चुकी है। बता दें कि गुरुवार को नैनीताल में नाबालिग संग दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया था। दुष्कर्म का आरोप 76 वर्षीय आरोपी पर लगा था। इस घटना के विरोध में लोगों ने बड़ी संख्या में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कर दिया था कि जब तक आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है, तब तक हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

वहीं, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली। इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता के परिजनों को आश्वस्त किया है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.