‘मेट्रो में ये कब शुरू हुआ?’ Delhi Metro में भीख मांगते बुजुर्ग शख्स को देख चकराया लोगों का दिमाग

Summary :

बीते कुछ दिनों से दिल्ली के मेट्रो के कई वीडियो वायरल हुए हैं। इस बार एक विकलांग बुजुर्ग के द्वारा भीख मांगने का वीडियो वायरल हो रहा है। इससे पहले कभी दिल्ली मेट्रो में किसी को भीख मांगते नहीं देखा गया है।

दिल्ली मेट्रो पिछले कुछ वक्त से लगातार किसी ना किसी वजह से चर्चा में बनी हुई है। दिल्ली मेट्रो से आए दिन अतरंगी कारनामों के वीडियो सामने आते रहते हैं। अब तक नाच-गाना, रोमांस-फाइट और अश्लील हरकतें करते हुए लोगों को देखा गया है जिनकी शायद किसी ने कभी कल्पना भी नहीं की थी। बीतों दिनों जब एक लड़की ने दुल्हन के लिबाज में मेट्रो में एंट्री मारी तो लोग उसे देखते ही रह गए थे। 
इस बार तो हद हो गई है, दिल्ली मेट्रो के लेटेस्ट वीडियो में जो देखने को मिला, वो बसों और रेलों में तो आम बात है लेकिन दिल्ली मेट्रो में ऐसा कुछ पहली बार ही देखने को मिला। दिल्ली मेट्रो में ज्यादातर ऑफिस, स्कूल और कॉलेज जाने वाले सफर करते दिखाई देते हैं लेकिन अब भिखारी को भी दिल्ली की जान बन चुकी मेट्रो में सफर करना आ गया है। अगर मेट्रो के किसी कोच या फिर स्टेशन पर आपको कोई भीख मांगता दिखे तो आप हैरान मत होना।
दरअसल, इस बार दिल्ली मेट्रो से एक भिखारी का भीख मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसे देखकर लोगों की हैरानी का कोई ठिकाना नहीं है। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक विकलांग बुजुर्ग दिल्ली मेट्रो में भीख मांग रहे हैं और  उनके आसपास कुछ लोग खड़े हैं और कुछ लोग बैठे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि ये बुजुर्ग शख्स मेट्रो में मौजूद सभी लोगों के पास जाकर हाथ आगे करके भीख मांगता है।

इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने कैप्शन में लिखा, मेट्रो में ये कब शुरू हुआ? यूजर ने इस पोस्ट के साथ डीएमआरसी को भी टैग किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो के वायरल होने के बाद डीएमआरसी ने इस पर रिप्लाई देते हुए कहा, ‘ट्रेन के अंदर और बाहर कोच नंबर लिखा होता है कृपया कोच नंबर बताएं।’ डीएमआरसी को जवाब देते हुए यूजर ने कोच नंबर भी बताया है।
24 जुलाई को शेयर किए इस वायरल वीडियो को अबतक हजारों लोग देख चुके है और इस पर यूजर्स के कई तरह के रिएक्शन भी आ रहे हैं। जहां कुछ लोग दिल्ली मेट्रो में भिखारी को देखकर दंग रह गए हैं, तो कुछ लोग इस पर भी मजेदार कॉमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, अभी मेट्रो में है, आने वाले समय में बुलेट ट्रेन के अंदर भिखारी देखने को मिलेंगे। देश तरक्की की राह पर है। दूसरे यूजर ने लिखा- ये भी एक रोजगार है और कितना विकास चाहिए? अब मेट्रो में भी कमा सकते हैं।

Desk Team