बेघर महिला के साथ इस लड़की ने मिलाई ताल से ताल, मिटा दिया अमीर-गरीब का भेद!

Summary :

आज इस भेद-भाव के ज़माने में कोई किसी को एक ग्लास पानी के लिए भी पूछ ले तो भी बड़ी ही बात होगी ऐसे में सड़क पर रहने वाली एक बेघर औरत के साथ कोई ताल से ताल मिलाये तो सोचिये कैसा होगा ?

इंसान के अंदर इंसानियत होना आज के समय में बेहद दुर्लभ बात हो चुकी है. लोग अमीर-गरीब, और अलग-अलग स्तरों में खुद को बांट चुके हैं, इसलिए कभी भी एक दूसरे से संपर्क करने में हिचकते हैं. अमीर लोग, गरीबों से बात नहीं करते और गरीब, अमीरों से बात करने में हिचकते हैं. पर इन दिनों एक लड़की का वीडियो वायरल (Delhi girl dance with homeless woman viral video) हो रहा है जिसने अमीर-गरीब के भेद को मिटाकर बेघर महिला के साथ ऐसा डांस किया है जिसे देखकर आपका दिल खुश हो जाएगा और आपको लगेगा कि दुनिया को ऐसे लोगों की जरूरत है.
ट्विटर यूजर @anshikawasthi ने हाल ही में एक वीडियो ट्वीट किया है जो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वो दिल्ली के कनॉट प्लेस (Delhi Connaught Place Girl Dance Video) में एक बेघर महिला के साथ डांस करती नजर आ रही है. वीडियो शेयर करते हुए अंशिका अवस्थी ने लिखा- “दिल्ली खूबसूरत है. आप हर तरह के लोगों से मिलते हैं और, सबसे अच्छे वे हैं जो अचानक ही आपके साथ डांस में शामिल हो जाते हैं. सभी को शुभ सोमवार!”
बेघर महिला के साथ नाचने लगी लड़की

वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि अंशिका कनॉट प्लेस के बगल में बने रास्ते पर एक निर्धन महिला के साथ डांस कर रही हैं. महिला भी खूब झूम रही है. ओरिजनल सॉन्ग नहीं सुनाई पड़ रहा है जिसपर दोनों डांस कर रही हैं, पर अंशिका ने वीडियो पर अलग से दंगल फिल्म का गिलहरियां गाना लगाया है. अंशिका उस महिला का हाथ पकड़कर उसे नचाती भी जा रही हैं और उसके साथ खूब झूम रही हैं. उन्होंने एक महिला के कमेंट पर उत्तर देते हुए बताया कि वो वेयरहाउस कैफे से निकल रही थीं. उन्हें नाचने का मन कर रहा था. वो नाचने लगीं तो ये महिला भी डांस करने लगी. उन्होंने उसे भी साथ में डांस करने के लिए बुला लिया और दोनों ने धमाल मचाना शुरू कर दिया.
वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 4 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और कुछ लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा- ये दिल छू लेने वाला वीडियो है. तुम्हें ढेर सारा प्यार! एक ने वीडियो को लाजवाब बताया तो एक ने कहा कि अंशिका प्यार बांट रही हैं. एक ने कहा कि ये देखकर दिन बन गया. एक व्यक्ति ने लिखा- ऐसी हरकतें सिर्फ दिल्ली वाले कर सकते हैं. माफ करिएगा पर दिल्ली की लड़कियां चेन्नई एक्सप्रेस से भी तेज हैं. ये सिर्फ एक मजाक था, आपको दुख पहुंचाने का मकसद नहीं है.

Desk Team