भारतीय एवं चीनी बलों के बीच करीब दो महीने से जारी गतिरोध पर पाकिस्तान ने सिक्किम सेक्टर के डोकलाम क्षेत्र पर चिंता जताते हुए गुरुवार को कहा कि क्षेत्रीय शांति बनाए रखना सभी देशों की जिम्मेदारी है। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा कि पाकिस्तान ने सिक्किम सीमा में भारतीय उल्लंघन पर ध्यान दिया है और क्षेत्र में बढ़ते भारत की जिद और उसके कब्जे की कोशिशों को लेकर चिंतित है।
उन्होंने कहा कि भारत का यह बर्ताव क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता को खतरे में डाल रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के सभी देशों के हित में है कि वे क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय शांति बनाए रखना सभी देशों की जिम्मेदारी है। पाकिस्तान हमेशा से ही क्षेत्र की शांति और समृद्धि चाहता है।
जकारिया के अनुसार ऐसा देखा गया है कि भारत में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से भारत और पाकिस्तान के संबंधों में गिरावट आई है। जकारिया ने कहा कि भारत को यह समझने की जरूरत है कि सहयोग के जरिए क्षेत्रों के लोगों की बेहतरी हो सकती है। ऐसा करने के लिए हमें सभी विवादपूर्ण मामलों, विशेष रूप से जम्मू कश्मीर के मामले को सुलझाने की जरूरत है।
जकारिया ने कहा कि भारत इस संबंध में सकारात्मक नहीं रहा है।” उन्होंने कहा, ‘‘दक्षेस का विशुद्ध लक्ष्य इस क्षेत्र के लोगों का आर्थिक विकास करना है। मैं इस बारे में विस्तार से बात नहीं करूंगा कि भारत ने इस प्रक्रिया को कैसे बाधित किया। दक्षेस का आयोजन पाकिस्तान में उचित समय पर होगा।’’