54 दिनों में 70 मौतें! PoK में पाकिस्तानी सेना की बर्बरता, प्रदर्शनकारियों पर बरसाईं गोलियां

Summary :

PoK Rawalakot Firing: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) के रावलाकोट में प्रदर्शनकारियों और पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के बीच झड़प के दौरान गोलीबारी की खबर है। JAAC ने नागरिकों पर फायरिंग का आरोप लगाया और 5 जून से अब तक 70 लोगों की मौत का दावा किया। वहीं, प्रदर्शनकारी आंदोलन जारी रखते हुए अगली रणनीति का ऐलान करने की तैयारी में हैं।

PoK Rawalakot Firing: पड़ोसी देश पाकिस्तान से  हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है।  पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) के रावलाकोट इलाके में आज यानी मंगलवार को प्रदर्शनकारियों और पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के बीच तनावपूर्ण हालात देखने को मिले।  मीडिया और अलग-अलग रिपोर्टों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी रेंजर्स पर  प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना में कई लोगों की मौत हुई है, हालांकि मृतकों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग अब भी सड़कों पर डटे हुए हैं और अपना विरोध जारी रखे हुए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हजारों की संख्या में लोग चिनार चौक पर एकत्र हुए और वहां से आगे बढ़ने की कोशिश की। रात के समय प्रदर्शनकारियों का जत्था रावलाकोट के मकबूल भट शहीद चौक के पास रुका, लेकिन प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

JAAC ने लगाए गंभीर आरोप

जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन ने दावा करते हुए कहा कि  प्रदर्शन को दबाने के लिए लगातार बल प्रयोग किया जा रहा है और नागरिकों पर गोली चलाई जा रही है। जेएएसी के अनुसार, 5 जून से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान अब तक करीब 70 लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन  इस आंकड़े की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संगठन ने इस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेता डॉ. शहबाज गिल का भी बयान सामने आया है।  उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक हैं और सैन्य कार्रवाई से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। शहबाज गिल ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर मरने वालों  और घायलों की फोटो और वीडियो सामने आ रहे हैं, लेकिन अभी तक हताहतों की सही संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से हालात और अधिक खराब हो सकते हैं।

युवाओं की मौत पर जताया दुख

PTI नेता ने दावा किया कि गोलीबारी में मारे गए कुछ युवाओं की उम्र 22 से 28 साल  के बीच थी। उन्होंने इन मौतों पर दुख जताते हुए कहा कि निर्दोष लोगों के खिलाफ बल प्रयोग करना  किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने विदेशों में बैठकर पाकिस्तानी सेना का समर्थन करने वालों की भी आलोचना की और लोगों से पीड़ित परिवारों के दर्द को समझने की अपील की।

वहीं शहबाज गिल के अनुसार, कश्मीर एक्शन कमेटी के नेता ख्वाजा मेहरान ने पाकिस्तान की ओर जाने वाले सभी प्रमुख प्रवेश मार्ग बंद करने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने पाकिस्तानी सेना की आवाजाही रोकने की भी बात कही है। वहीं, जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी ने कहा है कि वह आज भारतीय समयानुसार दोपहर में अपनी अगली रणनीति और आंदोलन के अगले चरण की आधिकारिक घोषणा करेगी। इस ऐलान पर पूरे क्षेत्र की नजर बनी हुई है।

पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात

रावलाकोट की इस घटना के बाद POJK के कई इलाकों में तनाव बना हुआ है। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं, जबकि सुरक्षा बल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल हालात संवेदनशील बने हुए हैं और आगे की स्थिति संगठन के अगले फैसले तथा प्रशासन की कार्रवाई पर निर्भर करेगी।

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।