पिछले साल जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर जिले की यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक के लिए जिम्मेदार मानते हुए पंजाब पुलिस के SP गुरविंदर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। गुरविंदर सिंह, जो इस समय बठिंडा में तैनात हैं, पर कर्तव्य में लापरवाही का आरोप लगाया गया है।
HIGHLIGHTS
- 5 जनवरी 2022 को हुई थी सुरक्षा में चूक
- घटना के समय सत्ता में थी कांग्रेस
- सही ढंग से ड्यूटी नहीं निभाने के आरोप में गुरविंदर सिंह सस्पेंड
सुरक्षा में चूक 5 जनवरी, 2022 को हुई थी, जब मोदी फिरोजपुर के हुसैनीवाला जा रहे थे और उनके काफिले को रुकना पड़ा और बाद में प्रदर्शनकारियों द्वारा उनका रास्ता रोके जाने के बाद काफिले ने यू-टर्न ले लिया। प्रधानमंत्री करीब 20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहे थे। इस घटना के समय पंजाब में कांग्रेस सत्ता में थी।
मोदी की यात्रा के दौरान गुरविंदर सिंह को फिरोजपुर में पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के पद पर तैनात किया गया था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त पांच सदस्यीय समिति ने पहले राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को पर्याप्त कर्मियों की उपलब्धता के बावजूद कानून और व्यवस्था बनाए रखने के अपने कर्तव्य का पालन करने में विफल रहने के लिए दोषी ठहराया था।
तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश एन.वी. रमना ने जांच समिति की रिपोर्ट पर विचार करने के बाद कहा था कि फिरोजपुर के SSP कानून और व्यवस्था बनाए रखने के अपने कर्तव्य का निर्वहन करने में विफल रहे। पर्याप्त बल उपलब्ध होने के बावजूद वह ऐसा करने में विफल रहे, भले ही उन्हें दो घंटे पहले सूचित किया गया था कि प्रधानमंत्री उस मार्ग में प्रवेश करेंगे। घटना के समय हरमनदीप सिंह हंस फिरोजपुर में तैनात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) थे।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।