हाथरस गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद देशभर में आक्रोश देखा जा सकता है। इस अमानवीय घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दोषी के लिए सख्त सजा की मांग करते हुए दिल्ली-नोएडा-डायरेक्ट फ्लाईवे (डीएनडी) पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को हाथरस मामले पर ‘दलित बेटी को न्याय दो’ के नारे लगा कर जमकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकतार्ओं का कहना है, उत्तर प्रदेश की सरकार में अपराध हद से ज्यादा बढ़ चूका है, और अब मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। दरअसल, सामूहिक दुष्कर्म और बर्बरता का शिकार हुई 19 साल की पीड़िता की इलाज के दौरान मौत और उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से रात के अंधेरे में परिवार की मौजूदगी के बिना अंतिम संस्कार किए जाने पर पूरे देश में आक्रोश अभी तक फैला हुआ है। वहीं आज कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं।
आपको बता दें आज ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए हाथरस के लिए रवाना होने वाले हैं तो इसकी वजह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता उनके समर्थन के लिए डीएनडी पर भारी संख्या में जमा है। प्रियंका और राहुल के दौरे के मद्देनजर उत्तर प्रदेश बॉर्डर को सील कर दिया गया है।