सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम चैट ग्रुप ‘बॉयज लॉकर रूम’ मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एक छात्र को गिरफ्तार कर बाकियों की पहचान कर ली है। पुलिस ने गिरफ्तार छात्र का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस इस ग्रुप से जुड़े सभी 21 छात्रों की पहचान कर ली है।
पुलिस ने एफआईआर में आईपीसी 465, 471,469,509 जैसी धाराएं भी जोड़ ली हैं। इस मामले को लेकर सभी 21 छात्रों से पूछताछ की जाएगी। सोमवार को पूरा मामला सामने आते ही दिल्ली पुलिस ने ‘बॉयज लॉकर रूम’ के खिलाफ जांच शुरू कर दी थी। सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया।
दिल्ली पुलिस ने फोटो शेयरिंग एप से वायरल ग्रुप में शामिल सभी लोगों के बायो शेयर करने को कहा है, जहां कमउम्र की लड़कियों की तस्वीरें शेयर की जा रही थीं और ऑब्जेक्टिफाइड किया जा रहा था। दक्षिण दिल्ली की एक लड़की द्वारा सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट शेयर करने, उक्त समूह और कई समान समूहों को उजागर करने के बाद यह घटना सामने आई।
जामिया हिंसा केस : शरजील इमाम की वैधानिक जमानत की अर्जी कोर्ट ने खारिज की
लड़की ने लिखा, “दक्षिण दिल्ली के 17-18 साल की उम्र के लड़कों का एक ग्रुप है, जिसका नाम ‘बॉयज लॉकर रूम’ है, जहां लड़कियों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक बनाया जा रहा था। मेरे स्कूल के दो लड़के इसका हिस्सा हैं।” लड़की ने समूह में शामिल लड़कों की सूची और उनके चैट के स्क्रीनशॉट को भी साझा किया, जहां उन्हें लड़कियों की तस्वीरें शेयर करते हुए और उन पर टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है।
इस मामले को लेकर दिल्ली महिला आयोग भी एक्शन में आ गई और दिल्ली पुलिस और इंस्टाग्राम को नोटिस जारी किया है। दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि यह एक आपराधिक और दुष्कर्म मानसिकता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा, “हम इंस्टाग्राम और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। इस ग्रुप के सभी लड़कों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”