राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद विन्ध्याचल धाम में बिन्ध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां विन्ध्यवासिनी का 14 मार्च को दर्शन पूजन करेगें। उनके आने का प्रोटोकोल मिलने पर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जुट गया है। महामहिम के आने जाने वाले रास्ते के साथ हैलिपैड आदि की तैयारियां युध्द स्तर शुरू कर दी गई है। विन्ध्याचल धाम में मत्था टेकने वाले दूसरे राष्ट्रपति होगें। इसके पहले शंकर दयाल शर्मा उपराष्ट्रपति और राष्ट्रपति के रूप में विधिवत पूजन कर चुके हैं।
कमिश्नर योगेश्वरराम मिश्र ने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मिर्जापुर और सोनभद जिले के दौरे पर 14 मार्च आ रहे है।उन्होंने बताया कि वे मां विन्ध्यवासिनी देवी के दर्शन पूजन करने के बाद बिन्ध्य पर्वत पर स्थित देवरहवा बाबा आश्रम भी जा सकते हैं। महामहिम सोनभद जिले के बभनी में आदिवासियों के बीच आयोजित कार्यक्रम में भाग ले कर लौटने के बाद यहां पहुंचेगे। उन्होंने आज जिलाधिकारी प्रवीण कुमार और पुलिस महानिरीक्षक पियूष श्रीवास्तव सहित पूरे प्रशासनिक अमले के साथ विन्ध्याचल धाम देवरहवा बाबा आश्रम एवं हैलिपैड का निरीक्षण कर कार्यो की प्रगति देखा।
उन्होंने बताया कि सभी सम्बन्धित विभागों को लगाया गया है। सफाई और सुरक्षा पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इस बीच महामहिम राष्ट्रपति के आने जाने सडकों की मरम्मत नया निर्माण भी किया जा रहा है। बिन्ध्य काँरिडोर योजना के चलते विन्ध्याचल धाम में हो रहे तोड़ फोड़ को सुधारना एक चुनौती है। साथ ही साथ अमृत जल योजना का काम अलग परेशानी खड़ कर रहा है। इसके बाबजूद पूरे परिसर को चमकाया जा रहा है।
मां बिन्ध्यवासिनी देवी के मंदिर में सैकड़ मजदूर रंग रोगन कर समतलीकरण काम में जुटे है। जिला प्रशासन ने विन्ध्याचल धाम में बाहरी व्यक्तियों के होटल और लाज में आज से 14 मार्च तक रूकने पर प्रतिबंध लगा दिया है। महामहिम के आने जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की जा रही है। उनके यहां पहुचने से चार घंटे पहले आम दर्शनार्थियों के लिए मंदिर में प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी। पूरा मंदिर परिसर खाली रखा जाएगा। आयुक्त योगेश्वरराम मिश्र ने बताया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के यहाँ आने का कार्यक्रम आ गया है।
उन्होंने बताया कि महामहिम पहले सोनभद, जिले के बभनी जाएगें वहां से लौटने के बाद मां बिन्ध्यवासिनी देवी के दर्शन पूजन का कार्यक्रम है। मिश्र ने बताया कि हमारी तैयारी त्रिकोण पथ और देवरहवा बाबा आश्रम तक की है। बहरहाल राष्ट्रपति के आगमन की सूचना पर स्थानीय लोग उत्साहित हैं। इसी बहाने यहां नव निर्माण होने पर प्रसन्न भी लग रहे हैं।