Dayalpur Murder Case: नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के दयालपुर इलाके में नाबालिगों ने एक किशोर की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की पहचान 16 वर्षीय सुभान के तौर पर की है। वह अपने परिवार के साथ नेहरू विहार इलाके में रहता था।
डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि इस बाबत दयालपुर थाने में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। एसएचओ परमवीर दहिया के नेतृत्व में एसआई जुगनू त्यागी की टीम ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपियों की उम्र महज 13 से 17 साल के बीच है। आरोपियों ने पुलिस के सामने रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पकड़े गए नाबालिगों का दावा है कि मृतक किशोर उनमें से एक किशोर को परेशान करता था। जिसके चलते वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
16 साल के सुभान की हत्या
डीसीपी ने बताया कि बुधवार देर रात दयालपुर क्षेत्र के नेहरू विहार की गली नंबर-13 में एक किशोर को चाकू मारने की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही दयालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मौके पर 16 वर्षीय किशोर खून से लथपथ गंभीर हालत में बेहोश पड़ा मिला। उसे तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया। क्राइम टीम और एफएसएल की मदद से मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए। इस बाबत दयालपुर थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। हत्या की गुत्थी को सुलझाने के एसएचओ परमवीर सिंह दहिया के नेतृत्व में एसआई जुगनू त्यागी, गुलफाम, करण आदि की टीम गठित की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मृतक की पहचान 16 वर्षीय सुभान के तौर पर की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोर पर तीन लड़कों ने चाकू से हमला किया था। आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाली। टीम की तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की जानकारी मिली। जिसके बाद रात भर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया।
इनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक कथित तौर पर उनमें से एक को लंबे समय से परेशान कर रहा था, जिसके चलते उन्होंने रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या के पीछे अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
‘घर से बेटे को गले लगाकर ले गए थे आरोपी’
मृतक किशोर की मां ने रोते हुए बताया कि वारदात से करीब आधे घंटे पहले ही कुछ लड़के सुभान को गले लगाकर घर से ले गए थे। आधे घंटे के भीतर ही आरोपियों ने उसके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। उनका बेटा मदरसे में मौलवी की पढ़ाई कर रहा था। वह वापस पढ़ाई के लिए मदरसे जाने वाला था, मगर उससे पहले ही आरोपियों ने उसके बेटे को मार डाला। आरोप है कि वारदात में शामिल आरोपी पहले भी आपराधिक वारदात में शामिल रह चुके हैं।























